पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार ने पूर्व विधायकों की पेंशन को लेकर बाकी राज्य की.सरकारों को आईना दिखाया है। पंजाब में अब एक विधायक को एक ही बार पेंशन मिलेगी, चाहे वह कितनी बार चुनाव जीता हो।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आज इस फैसले की जानकारी देते हुए कहा कि जब विधायक जनसेवा के नाम पर राजनीति में आते हैं, तो उन्हें लाखों की पेंशन देना जायज नहीं है। मान ने कहा, विधायक ही नहीं, बल्कि उनके परिवारों को मिल रही पेंशन को भी संशोधित किया जाएगा। आने वाले दिनों में इसके बारे में विस्तृत जानकारी दे दी जाएगी।
आप सरकार के इस फैसले से कांग्रेस और अकाली दल को सबसे बड़ा झटका लगेगा। अभीतक प्रकाश सिंह बादल, कैप्टन अमरिंदर सिंह के अलावा राजिंदर कौर भट्ठल समेत अकाली दल और कांग्रेसी दिग्गजों को कई बार विधायक रहने की वजह से लाखों रुपये की पेंशन मिल रही थी। अब इन सबकी पेंशन कुछ हजार रुपए होगी।
सीएम मान ने कहा कि हमारे विधायक हाथ जोड़कर लोगों से वोट मांगते हैं। वे राज नहीं सेवा की बात कहते हैं। हैरानी की बात यह है कि बहुत से विधायक हारने के बाद साढ़े 3 लाख से सवा 5 लाख तक पेंशन उठा रहे हैं। इससे खजाने पर करोड़ों रुपयों का बोझ पड़ रहा है। कई ऐसे हैं, जो सांसद और विधायक दोनों की पेंशन ले रहे हैं।
अब विधायक चाहे 2 बार जीते या 7 बार, उसे पेंशन सिर्फ एक ही टर्म की मिलेगी। पेंशन से जो करोड़ों रुपया बचेगा, उसे लोगों की भलाई पर खर्च किया जाएगा। उन्होंने कहा, कई विधायकों की परिवार पेंशन भी बहुत ज्यादा हैं, उसे भी कम किया जा रहा है। पंजाब में सबसे ज्यादा पेंशन 5 बार मुख्यमंत्री रह चुके प्रकाश सिंह बादल की बनती है। उन्हें करीब पौने 6 लाख की पेंशन मिलनी थी। हालांकि उन्होंने कुछ दिन पहले ही पेंशन लेने से इन्कार कर दिया। उनके अलावा 6 बार विधायक रहीं पूर्व मुख्यमंत्री राजिंदर कौर भट्ठल, लाल सिंह, पूर्व मंत्री सरवण सिंह फिल्लौर को 3.25 लाख, 5 बार विधायक रहे बलविंदर सिंह भूंदड़ और सुखदेव ढींढसा को सवा 2 लाख रुपए पेंशन मिलती है। इनको बतौर राज्यसभा सदस्य अलग से वेतन, पेंशन और भत्ते भी मिलते हैं। इस बार कैप्टन अमरिंदर सिंह भी चुनाव हारे हैं तो उन्हें भी लाखों की पेंशन मिलनी थी।
पंजाब पर करीब 3 लाख करोड़ का कर्जा है। गुरूवार को दिल्ली में पीएम नरेंद्र मोदी से मिलने के बाद भगवंत मान ने खुद इसे कबूल किया था। पंजाब की वित्तीय हालत को देखते हुए उन्होंने केंद्र से 1 लाख करोड़ का पैकेज भी मांगा है।
