राजस्थान में कांग्रेस विधायक के बेटे पर गैंगरेप का आरोप लगा है। इसके बाद भाजपा ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। भाजपा के प्रदेश मंत्री ने प्रियंका गांधी को एक ट्वीट करते हुए रेलवे का टिकट भेज दिया। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी ने यूपी चुनाव में नारा दिया था कि ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’। अब राजस्थान में कांग्रेस विधायक का बेटा गैंगरेप का आरोपी है। पीड़िता विधायक के बाहुबल के आगे नहीं लड़ पा रही है।
भाजपा नेता जितेंद्र गोठवाल ने प्रियंका गांधी को ट्वीट कर कहा है कि राजस्थान में कांग्रेस विधायक के बेटे ने एक नाबालिग से रेप किया है। नाबालिग लड़की आपके विधायक के बाहुबल के आगे लड़ नहीं पा रही है। प्रियंका गांधी जी, आपके लिए रेल की टिकट भेज रहा हूं, तुरंत जयपुर आइए, क्योंकि राजस्थान में भी ‘लड़कियां हैं, लड़ नहीं पा रही हैं’। अपने इस ट्वीट के साथ गोठवाल ने प्रियंका गांधी को भेजा रेल टिकट भी शेयर किया है।
जितेंद्र गोठवाल ने कहा, मैंने प्रियंका गांधी को ट्वीट करते हुए रेल टिकट भेजकर यह अहसास दिलाने की कोशिश की है कि राजस्थान में भी कांग्रेस की सरकार है, लेकिन प्रियंका गांधी और मुख्यमंत्री की तरफ से कोई बयान नहीं आया। गोठवाल ने कहा कि वो और भाजपा कार्यकर्ता कल सुबह दिल्ली रेलवे स्टेशन पर पहुंचेंगे और वहां प्रियंका गांधी का इंतजार करेंगे, जिससे वह ट्रेन में बैठकर राजस्थान आ सकें और लड़कियों को लड़ना सिखा सकें।
