राजस्थान में अब कॉकलियर इम्प्लांट, बोनमैरो ट्रांसप्लांट, ऑर्गन ट्रांसप्लांट, ब्लड, प्लेट्लेट्स एवं प्लाज़्मा ट्रांसफ्यूजन तथा लिम्ब प्रोस्थेसिस (बोन कैंसर) जैसी स्वास्थ सेवाएं भी निःशुल्क दी जाएंगी।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने वित्तीय वर्ष 2022-23 के बजट में की गई घोषणा को पूरा करते हुए चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना में स्वास्थ सेवाओं के लिए नए पैकेज जोड़े जाने की मंजूरी दी है। इस पर राज्य सरकार प्रतिवर्ष करीब 200 करोड़ रूपये अतिरिक्त व्यय करेगी।
राज्य सरकार ने आमजन को इलाज के खर्च से चिंता मुक्त करने के लिए मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना प्रारंभ की है। इस वर्ष के बजट में योजना के तहत सालाना बीमा कवरेज 5 लाख रूपये से बढ़ाकर 10 लाख रूपये किया गया है। इसके साथ ही इन जटिल स्वास्थ्य सेवाओं के नए पैकेज जोड़े जाने से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
