मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने देश प्रदेश में जाति-धर्म के नाम पर हो रहे तनाव के लिए केंद्र और भाजपा की नीतियों को जिम्मेदार ठहराया है। साथ ही भाजपा और उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यानाथ सरकार को निशाने पर लिया। उन्होंने करौली की घटना की उच्चस्तरीय समीक्षा कर गड़बड़ी करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने आज जयपुर रवाना होने से पहले बाड़मेर में मीडिया से बातचीत में शनिवार को करौली और आज ब्यावर में हुई घटना के लिए भाजपा को जिम्मेदार बताया है। उन्होंने कहा- जाति और धर्म के नाम पर जगह-जगह ध्रुवीकरण हो रहा है, यह उचित नहीं है। इसी कारण देश में जगह जगह तनाव हो रहा है। करौली की घटना आपके सामने है। आज ब्यावर में छोटी सी बात को लेकर झगड़ा हो गया। एक व्यक्ति की हत्या हो गई। अब इस तरह के विवाद को भी जाति धर्म के नाम पर रंग दे देते हैं। झगड़ने वालों में धर्म अलग-अलग हैं, उसे इश्यू बनाते हैं। मेरा मानना है कि जिस प्रदेश में शांति भाईचारा, सद्भाव रहता है, वहीं विकास का माहौल बनता है।
जयपुर लौटकर गहलोत ने मुख्यमंत्री निवास पर उच्चस्तरीय बैठक कर करौली के हालात की समीक्षा की। उन्होंने कहा, प्रदेश में कहीं भी साम्प्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने वाली घटना होने पर पुलिस उसमें शामिल तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करे। अपराधी किसी भी धर्म, जाति या वर्ग का हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा।

