देश की राजनीति में वजूद तलाश रही कांग्रेस के लिए एक अच्छी खबर आई है। इस पार्टी पर अब भी लोगों का भरोसा कायम है। उत्तराखंड में भले ही कांग्रेस सरकार नहीं बन पाई, लेकिन वह लोगों के बीच विश्वास बनाने में सफल रही हैं। इसीलिए राज्य की एक 78 वर्षीय बुजुर्ग महिला पुष्पा मुन्जियाल ने अपनी सारी संपत्ति कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के नाम कर दी है।
देहरादून निवासी इस महिला ने राहुल गांधी के नाम अपनी संपत्ति करने की खास वजह भी बताई है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और उनके विचारों की देश को जरूरत है। श्रीमती मुन्जियाल ने अपनी सारी प्रोपर्टी का मालिकाना हक राहुल गांधी के नाम करते हुए देहरादून कोर्ट में वसीयतनामा पेश किया है। इस महिला के पास 50 लाख रुपए की चल-अचल संपत्ति है। इसमें 10 तोला सोना भी शामिल है।
महिला की ओर से राहुल गांधी के नाम अपनी संपत्ति करने के मामले को लेकर कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष लालचन्द शर्मा ने बताया कि महिला ने अपनी सम्पत्ति का वसीयतनामा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह को उनके आवास पर जाकर सौंपा है। शर्मा के अनुसार महिला ने कहा कि राहुल गांधी के परिवार ने देश की आजादी से लेकर अब तक हमेशा आगे बढ़कर देश के लिए अपनी सर्वोच्च कुर्बानी दी है। चाहे इन्दिरा गांधी हों, चाहे राजीव गांधी हों, उन्होंने इस देश की एकता और अखण्डता के लिए अपने प्राणों की कुर्बानी दी।
