बॉलीवुड स्टार रणबीर कपूर और आलिया भट्ट 13 अप्रैल को शादी के बंधन में बंधे थे। माना जा रहा था कि दोनों काम से ब्रेक लेकर हनीमून पर जाएंगे। पर ऐसा नहीं हुआ। दोनों ने अपने वर्किंग कमिटमेंट को पूरा करना शुरू कर दिया है। ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ फिल्म की शूटिंग के लिए मंगलवार दोपहर आलिया मुंबई से जैसलमेर पहुंची हैं। शादी के बाद आलिया को देखने के लिए फैंस में भी क्रेज रहा। एयरपोर्ट के बाहर भीड़ लग गई।
रणबीर की नई नवेली दुल्हनियां श्रीमती आलिया भट्ट फिल्म की शूटिंग के लिए चार्टर प्लेन से पहुंचीं। उनके साथ प्रोड्यूसर करण जौहर, शबाना आज़मी, फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा और क्रू मेंबर भी थे। आलिया ने पिंक कलर का सूट पहन रखा था। नई नवेली दुल्हन के हाथों में मेहंदी लगी हुई थी। आलिया के आने की खबर लगते ही फैंस एयरपोर्ट पर पहुंच गए। एक झलक पाने को उनमें होड़ लग गई। आलिया ने भी हाथ हिलाकर सबका अभिवादन किया और शादी की बधाई ली।
आलिया भट्ट धर्मा प्रोडक्शन के बैनर तले बन रही फिल्म ‘रॉकी और रानी की प्रेमी कहानी’ की शूटिंग करने आई हैं। इस फिल्म में वह रणवीर सिंह के साथ नजर आने वाली हैं। फिल्म में धर्मेंद्र और जया बच्चन भी महत्वपूर्ण भूमिका में हैं। शादी के बाद रणबीर कपूर ने भी शूटिंग शुरू कर दी है।
अटकलें लगाई जा रही थीं कि आलिया भट्ट और रणबीर कपूर शादी के बाद अफ्रीका हनीमून पर जा सकते हैं. लेकिन, अब यह साफ हो गया है कि फिलहाल इस स्टार कपल के पास छुट्टी मनाने का समय नहीं है। अपने रिसेप्शन के अगले ही दिन रणबीर कपूर भी टी सीरिज के ऑफिस में स्पॉट किए गए थे। रणबीर कपूर भी अपने अगले प्रोजेक्ट में व्यस्त हैं तो आलिया भट्ट भी अब 5 दिनों बाद काम पर वापसी कर चुकी हैं।
