
कांग्रेस नेता राहुल गांधी का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। भाजपा नेता इसे जमकर शेयर करते हुए राहुल व कांग्रेस पार्टी पर तंज कस रहे हैं।भाजपा के आईटी कन्वीनर अमित मालवीय ने इसे एक नाइट क्लब का वीडियो बताया है। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि राजस्थान जल रहा है और राहुल विदेश में पार्टी कर रहे हैं।भाजपा के हमलों पर पलटवार करते हुए कांग्रेस ने कहा कि राहुल एक दोस्त की शादी में हिस्सा लेने नेपाल गए हैं और शादी समारोह में जाना कोई अपराध नहीं है।
एक समाचार एजेंसी के अनुसारयह वीडियो काठमांडू के मशहूर नाइटक्लब लॉर्ड ऑफ रिंग्स के डिस्कोथिक का बताया जा रहा है।हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है।भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने इस वीडियो को शेयर करते हुए कहा कि राजस्थान जल रहा है, लेकिन राहुल गांधी पार्टी कर रहे हैं। राहुल पार्ट टाइम राजनेता नहीं, बल्कि पार्टी टाइम राजनेता हैं। ये पहली बार नहीं है। याद कीजिए उनका 26/11 के समय पार्टी मोड। जब मुंबई पर हमला हुआ था, तब भी राहुल एक नाइटक्लब में थे। अब जब उनकी पार्टी में घमासान छिड़ा हुआ है, तब भी वह वहीं हैं। उनमें एक निरंतरता है।इसी तरह तंज कसते हुए ट्वीट भाजपा के कई और नेताओं ने भी किए।
इसके बाद कांग्रेस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके पलटवार किया। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने बताया कि राहुल गांधी नेपाल में एक निजी शादी समारोह में हिस्सा लेने गए हैं।उन्होंने तंज भरे अंदाज में कहा कि राहुल पीएम मोदी की तरह बिन बुलाए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के यहां केक काटने नहीं गए हैं। शादी समारोह में जाना अभी तक अपराध घोषित नहीं हुआ है। कांग्रेस के नेता मनिकम टैगोर ने भी भाजपा पर झूठ बोलने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अगर राहुल किसी शादी के रिसेप्शन में शामिल होते भी हैं तो इसमें गलत क्या है। संघी उनसे इतना डरे हुए क्यों हैं।
इससे पहले नेपाल के प्रमुख अखबार ‘द काठमांडू पोस्ट’ ने बताया था कि राहुल गांधी पांच दिवसीय निजी यात्रा पर सोमवार शाम नेपाल पहुंचे हैं। वह अपनी दोस्त सुमनिमा उधास की शादी में शामिल होने आए हैं। सुमनिमा ‘सीएनएन’ की संवाददाता रही हैं। राजनीति, आर्थिक, सामाजिक, पर्यावरण और आम मुद्दों पर कवरेज करती रही हैं।