दिल्ली भाजपा के बड़बोले नेता तजिंदर पाल बग्गा द्वारा पंजाब पुलिस के समन की लगातार अनदेखी की गई। इसपर पंजाब पुलिस ने आज दिल्ली में उन्हें अपने से निवास से गिरफ्तार कर लिया। इस घटनाक्रम से तमतमाई भाजपा के नेता आप नेताओं के खिलाफ बयानबाजी करने। केन्द्र सरकार के नित्रयंण वाली दिल्ली पुलिस ने पंजाब पुलिस के खिलाफ बग्गा के अपहरण का केस दर्ज कर लिया। उधर, भाजपा सरकार वाले हरियाणा की पुलिस ने बग्गा को मोहाली ले रही पंजाब पुलिस की गाड़ियों को कुरुक्षेत्र में रोक लिया। वहां पंजाब पुलिस के अधिकारियों से लंबी पूछताछ के बाद बग्गा को उनके कब्जे से लेकर दिल्ली पुलिस को सौंप दिया गया।
दिल्ली पुलिस बग्गा को दिल्ली ले आई। बग्गा के खिलाफ पंजाब साइबर सेल की टीम ने शुक्रवार सुबह यह कार्रवाई की। उनके खिलाफ मोहाली साइबर थाने में केस दर्ज है। पंजाब पुलिस का कहना है कि उनकी टीम को कुरूक्षेत्र में अवैध तरीके से रोका गया है। इसके खिलाफ पंजाब सरकार ने हाईकोर्ट में पिटीशन दायर कर दी है।
तजिंदर के पिता ने दिल्ली के जनकपुरी थाने में पंजाब पुलिस के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कराया है। इसके बाद दिल्ली पुलिस की सूचना पर बग्गा को ले जा रही पंजाब पुलिस की गाड़ी को हरियाणा पुलिस ने रोक लिया। पंजाब पुलिस गिरफ्तारी के बाद बग्गा को दिल्ली से मोहाली ले जा रही थी। वहां उन्हें कोर्ट में पेश किया जाना था।
बग्गा पर फिल्म कश्मीर फाइल्स को लेकर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल पर विवादित टिप्पणी करने का आरोप है। पंजाब पुलिस ने बग्गा को जांच में शामिल होने का नोटिस दिया था, लेकिन वे इसके लिए नहीं पहुंचे थे।
मोहाली के डीएसपी सुखनाज सिंह का कहना है कि तजिंदर बग्गा को 5 बार ऑन रिकॉर्ड नोटिस भेजकर जांच जॉइन करने को कहा गया था। हर बार यह टाल रहे थे। कोर्ट के आदेश के हिसाब से हमने पहले बग्गा को नोटिस दिया था, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया। इस बारे में दिल्ली पुलिस के एसएचओ को भी सूचना दी थी। गिरफ्तारी के लिए पंजाब पुलिस की एक पार्टी बग्गा के घर पहुंची तो दूसरी पार्टी पुलिस थाने पहुंची थी। इसके अलावा कंट्रोल रूम में भी सूचना दी थी। इसकी रिकॉर्डिंग भी हमारे पास मौजूद है। गिरफ्तारी की प्रक्रिया की हमने वीडियोग्राफी करवाई है।
बग्गा पर पंजाब के मोहाली में केस दर्ज है। यह केस आप के प्रवक्ता सन्नी आहलूवालिया के बयान के आधार पर मोहाली साइबर क्राइम सेल में दर्ज हुआ था। शिकायतकर्ता आहलूवालिया ने बग्गा पर केजरीवाल को जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज कराया था। यह केस आईपीसी की धारा 153A, 505, 505(2) और 506 के तहत दर्ज किया गया है।
आप विधायक नरेश बाल्यान ने बग्गा की गिरफ्तारी के बारे में जानकारी देते हुए बग्गा के एक विवादित ट्वीट का हवाला दिया, जो दिल्ली विधानसभा में कश्मीर फाइल्स फिल्म पर केजरीवाल के बयान के बाद किया गया था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि बग्गा ने केजरीवाल को धमकी भरे लहजे में एक के बाद एक ट्वीट किए।
