
चुनाव आयुक्त राजीव कुमार को मुख्य चुनाव आयुक्त नियुक्त किया जा रहा है। वह आगामी 15 मई को मुख्य चुनाव आयुक्त का कार्यभार संभालेंगे। 14 मई 2022 को सुशील चंद्रा का कार्यकाल पूरा हो जाएगा। विधि मंत्रालय ने अधिसूचना जारी कर राजीव को मुख्य चुनाव आयुक्त बनाए जाने की घोषणा की। केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने भी राजीव कुमार को मुख्य चुनाव आयोग के रूप में नियुक्त करने की जानकारी दी। राजीव कुमार का जन्म 19 फरवरी 1960 को हुआ था। बिहार-झारखंड कैडर 1984 बैच की भारतीय प्रशासनिक सेवा के एक अधिकारी हैं, उन्होंने 36 साल प्रशासनिक सेवाओं में काम किया और फरवरी 2020 में सेवानिवृत्त हुए थे। 1 सितंबर 2020 को वे चुनाव आयुक्त के रूप में भारत के चुनाव आयोग में शामिल हुए थे।