
दुबई-थाईलैंड तक सप्लाई होने वाले सीकर के प्याज के स्वाद को कोरोना के बाद अब मौसम की मार ने कड़वा कर दिया है। पहले सर्दी और अब तेज गर्मी ने तैयार फसल को खराब कर दिया है। प्याज दो दिन में ही खराब होने से सप्लाई भी नहीं हो पा रहा। हालत ये है कि किसानों को लागत से दुगुना घाटा हुआ है।
देश में महाराष्ट्र के नासिक के बाद शेखावाटी के सीकर का मीठा प्याज पसंद किया जाता है। हर साल बंपर पैदावार से किसानों को लाखों का मुनाफा होता है। मगर इस बार किसानों को प्रति क्विंटल लागत के हिसाब से 2 से 3 लाख का घाटा हुआ है। किसानों को 16 रुपए लागत से तैयार एक किलो प्याज के 5 रुपए ही मिल रहे हैं।
किसानों का कहना है कि इस बार तो लागत भी नहीं निकल पाई है। एक बीघा फसल तैयार करने से मंडी तक पहुंचाने में करीब 3 से 5 हजार रुपए का खर्च आता था। महंगाई बढ़ने पर अब खर्च बढ़कर 10 से 12 हजार रुपए हो चुका है। पिछली बार मंडी में भाव 6 से 9 रुपए प्रति किलो थे। इस बार पिछले डेढ़ महीने से थोक भाव औसतन 5 रुपए किलो बने हुए हैं।
सीकर के प्याज कारोबारियों ने बताया कि शहर में इस बार तेज सर्दी के साथ ही गर्मी ने भी हालत खराब कर रखी हैं। मार्च की शुरुआत से ही तेज धूप पड़ने लगी थी। फसल को पूरा पानी भी नहीं मिल पाया। गर्मी के डर से किसानों ने फसल को समय से पहले ही काटना शुरू कर दिया था। ऐसे में प्याज की पैदावार तो बंपर हुई, लेकिन क्वालिटी का प्याज तैयार नहीं हो पाया। इस कारण दो दिन में खराब हो रहा हैं।
सीकर के मीठे प्याज की देश ही नहीं विदेशों में भी मांग है। बड़ी मात्रा में दूसरे देशों में निर्यात किया जाता है। देश में हरियाणा, पंजाब और पड़ोसी राज्यों तक सप्लाई किया जाता है। शेखावाटी में सबसे ज्यादा सीकर और धोद में प्याज की बुवाई की जाती है। यहां फसल को पर्याप्त मात्रा में पानी मिलता है। साथ ही मिट्टी भी प्याज के माफिक होती है।कृषि अनुसंधान केंद्र फतेहपुर कैलाश वर्मा ने बताया कि सीकर के अधिकतर इलाकों में बालू मिट्टी हैं। इसमें हवा का आदान प्रदान ठीक तरह से होता रहता है। इसके साथ ही यहां प्याज की फसल को पानी भी पर्याप्त मात्रा में मिलता है। यही कारण है कि सीकर इलाके का प्याज अन्य क्षेत्रों की बजाए मीठा होता है।
कारोबारियों की माने तो सीकर में हर साल प्याज का कारोबार 6000 करोड़ से ज्यादा होता है। पिछले साल 19000 हैक्टेयर क्षेत्र में प्याज की बुवाई हुई थी। इस बार भाव ठीक न मिल पाने के कारण कारोबार कम रहने की संभावना है।