
पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रहे डॉ. विजय सिंगला को कैबिनेट से बर्खास्त कर दिया गया है। वह स्वास्थ्य विभाग में हर काम और टेंडर के बदले 1 फीसदीकमीशन मांग रहे थे। इसकी शिकायत मुख्यमंत्रीभगवंत मान तक पहुंची। उन्होंने गुपचुप तरीके सेजांच कराई। अफसरों से पूछताछ की, फिर मंत्री सिंगला को तलब किया गया। मंत्री ने गलती मान ली, तो उन्हें बर्खास्त कर दिया गया।
इसके बाद केस दर्ज कर पंजाब पुलिस के एंटी करप्शन विंग ने सिंगला को गिरफ्तार कर लिया है। सिंगला को मोहाली के फेज 8 पुलिस थाने में रखा गया है। अब सिंगला की आम आदमी पार्टी से भी छुट्टी करने की तैयारी है। पंजाब आप के प्रवक्ता मालविंदर कंग ने कहा कि दागी लोगों की आम आदमी पार्टी में कोई जगह नहीं है। फिलहाल सिंगला की इस बारे में कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
पंजाब पुलिस के विजिलेंस विंग ने मंत्री सिंगला के खिलाफ केस दर्ज किया है। अभी इसकी एफआईआरसार्वजनिक नहीं की गई है। हालांकि सूत्रों के अनुसार मंत्री और उसके करीबियों ने टेंडर में 1 फीसदीकमीशन की मांग की थी। अफसर ने इसकी शिकायत सीएम भगवंत मान को की। 14 मई को सीएम मान के पास इसके बारे में जानकारी पहुंची। इसके बाद मान ने स्टिंग करवाते हुए उसकी रिकॉर्डिंग करवाई गई, जिसमें मंत्री कमीशन मांगते हुए कैद हो गए।उनको बुलाकर मान ने सारे सबूत रख दिए और मंत्री ने गलती कबूल कर ली।
सीएमभगवंत मान ने बताया, मेरे ध्यान में एक केस आया। इसमें मेरी सरकार का एक मंत्री हर टेंडर या उस विभाग की खरीद-फरोख्त में एक परसेंट कमीशन मांग रहा था। इस केस का सिर्फ मुझे पता है। इसके बारे में विरोधी पार्टियों और मीडिया को पता नहीं है। मैं चाहता तो केस को दबा सकता था, लेकिन इससे लोगों का विश्वास टूट जाता। मैं उस मंत्री के खिलाफ सख्त एक्शन ले रहा हूं। उसे मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर दिया गया है। पुलिस को उसके खिलाफ केस दर्ज करने के लिए आदेश दे दिए हैं
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, मुझे भगंवत मान पर गर्व है। उनकी कार्रवाई से मेरी आंखों में आंसू आ गए। पूरा देश आज आम आदमी पार्टी पर गर्व महसूस कर रहा है।