सेना में भर्ती के लिए लाई गई अग्निपथ योजना को लेकर आज विरोध प्रदर्शन तेज हो गया। बिहार से निकली ये चिंगारी यूपी, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल समेत 7 राज्यों तक पहुंच गई है। युवा अग्निपथ योजना को वापस लेने की मांग कर रहे हैं। योजना के विरोध में कई जगह ट्रेनों में आग लगा दी गई, सड़कों पर पथराव कर यातायात जाम कर दिया गया। हरियाणा के रोहतक में एक युवक ने आत्महत्या कर ली। बिहार में भाजपा विधायकों पर हमले के भी समाचार हैं।
रोहतक में अग्निपथ योजना के विरोध में पीजी हॉस्टल के छात्र सचिन ने आत्महत्या कर ली।, वह जींद जिले के लिजवाना गांव का रहने वाला था। सेना भर्ती की नई योजना अग्निपथ लाने से परेशान था। परिजन ने बताया की सेना की भर्ती रद्द होने और अग्निपथ योजना आने से दुखी होकर सचिन ने यह कदम उठाया। उधर, पलवल में हंगामा कर रहे छात्रों ने पुलिस की तीन गाड़ियां जला दीं। हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में पीएम मोदी का विरोध जताने जा रहे युवाओं को रोका गया। यूपी में भी अभियान के खिलाफ कई शहरों में नारेबाजी की गई।
बिहार में प्रदर्शनकारियों ने छपरा, कैमूर और गोपालगंज में करीब 5 ट्रेनों को फूंक दिया। अकेले छपरा में ही 3 ट्रेनों में आग लगाई गई है। 12 ट्रेनों में तोड़फोड़ की गई है। यात्रियों ने भागकर अपनी जान बचाई। प्रदर्शन के दौरान भाजपा के 2 विधायकों पर हमला किया गया हैं। छपरा सदर के भाजपा विधायक डॉ. सी एन गुप्ता के घर पर प्रदर्शनकारियों ने तोड़फोड़ की है। वहीं वारिसलीगंज की विधायक अरुणा देवी पर भी हमला हुआ। नवादा में प्रदर्शनकारियों ने भाजपा कार्यालय में आग लगा दी।
प्रदर्शन के कारण बिहार में रेल यातायात पूरी तरह से ठप हो गया है। आरा में पुलिस को उपद्रवियों पर काबू पाने के लिए आंसू गैस के गोले दागने पड़े। रेल प्रशासन द्वारा बिहार से गुजरने वाली कई ट्रेनों को अगले अदेश तक रद्द की सूचना है।
