
मंगलवार को राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार घोषित होने के एक दिन बाद द्रौपदी मुर्मू ने अपने गृह राज्य ओडिसा में रायरंगपुर के जगन्नाथ मंदिर में पहुंचकर पूजा-अर्चना की। पूजा करने से पहले मुर्मू ने शिव मंदिर में झाड़ू लगाई। इसके पहले केंद्र की मोदी सरकार ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की ओर से राष्ट्रपति पद के लिए घोषित की गईं प्रत्याशी और झारखंड की पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू को जेड प्लस सुरक्षा मुहैया कराने का फैसला किया। मुर्मू जब मंदिर में पहुंची तो उनके साथ पूरा सुरक्षा बल मौजूद था।
एक समाचार एजेंसी ने सूत्रों के हवाले से खबर दी है कि केंद्र सरकार ने राष्ट्रपति पद के प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू को जेड प्लस सुरक्षा मुहैया कराई है। राष्ट्रपति पद की प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू के साथ आज से ही सशस्त्र केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों द्वारा चौबीसों घंटे तैनात रहेंगे। आगामी 18 जुलाई को राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान होना है और इसके लिए 29 जून तक नामांकन प्रक्रिया जारी रहेगी। विपक्ष की ओर से यशवंत सिन्हा को राष्ट्रपति पद का संयुक्त उम्मीदवार घोषित किया गया है।
मुर्मू ने राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद भाजपा, प्रधानमंत्री मोदी और एनडीए के सभी घटक दलों के नेताओं को आभार जताया। इस चुनाव में यदि द्रौपदी मुर्मू की जीत होती है, जो कि लगभग तय मानी जा रही है, तो वह देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति होंगी। 64 वर्षीय मुर्मू 2015 से 2021 तक झारखंड की राज्यपाल रह चुकी हैं। वह झारखंड की पहली राज्यपाल थीं, जिन्होंने अपना कार्यकाल पूरा किया। मौजूदा राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त हो रहा है।