
इलेक्ट्रिक स्कूटर के बाद अब इलेक्ट्रिक कार में आग लगने का पहला मामला सामने आया है। घटना मुंबई के पवई की है। यहां बीच सड़क टाटा की नेक्सन ईवी कार अचानक जल उठी। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें फायरब्रिगेड की टीम आग बुझाते हुए नजर आ रही है। यह भारत में इलेक्ट्रिक कार में आग लगने का पहला मामला है।
रिपोर्ट्स के अनुसार कार मालिक ने इसे अपने ऑफिस में रेगुलर स्लो चार्जर से चार्जिंग पर लगाया था। कुछ देर बाद जब वह कार लेकर चले तो उसमें अजीब आवाज के साथ इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर में अलर्ट मिलने लगा। इसे देख कर वह कार को साइड में लगाकर बाहर निकल आए। इसके कुछ देर बाद ही कार में आग लग गई।
टाटा ने घटना पर बयान जारी करते हुए कहा कि हम इस घटना का पता लगाने के लिए जांच कर रहे हैं। जांच के बाद डिटेल शेयर की जाएंगी। टाटा नेक्सन ईवी में लगी आग ने सरकार का भी ध्यान खींचा है। सरकार इस घटना की अलग से जांच करा सकती है। सरकारी सूत्रों के अनुसार इसके लिए डीआरडीओ लैब से बात चल रही है। डीआरडीओ लैब ने इससे पहले इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स में आग लगने के कई मामलों की जांच की थी। उस जांच में पाया गया था कि इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स में आग लगने का मुख्य कारण बैटरी की खराब क्वालिटी है।
देश भर में लगभग 4 सालों में 30,000 से ज्यादा अलेक्ट्रिक कारों ने कुल 10 लाख किलोमीटर से ज्यादा की दूरी तय की है, यह इस तरह की पहली घटना है। टाटा नेक्सन ईवी भारत में सबसे ज्यादा बिकने वाली इलेक्ट्रिक कार है। एक बार फुल चार्ज करने पर यह कार 312 किमी की रेंज देती है।
इस इलेक्ट्रिक कार को डीसी फास्ट चार्जर का इस्तेमाल करके केवल 60 मिनट में 0 से 80 फीसदी तक चार्ज किया जा सकता है। रेगुलर चार्जर से इसे 8 घंटे में 20 से 100 फीसदी तक चार्ज कर सकते हैं।. टाटा मोटर्स ने हाल ही में भारत में नेक्सन ईवी मैक्स भी लॉन्च किया है, जिसमें एक बड़ा बैटरी पैक मिलता है, जो अधिक शक्ति और टॉर्क विकसित करता है। एक बार चार्ज करने पर 437 किमी की रेंज देने का दावा किया जाता है।