
महंगाई के खिलाफ कांग्रेस ने आज राजस्थान में भी जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता दिल्ली में हो रहे प्रदर्शन में भी शामिल होने पहुंचे। जयपुर में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के साथ कई मंत्रियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ सिविल लाइंस में धरना दिया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि लाठी का जवाब लाठी होगी।
जयपुर के अलावा उदयपुर, सीकर, अजमेर सहित कई जिलों में विरोध प्रदर्शन हुए। कई स्थानों पर कांग्रेसियों की पुलिस के साथ हल्की धक्का-मुक्की भी हुई है। उदयपुर में कलक्ट्रेट पर कांग्रेस के जबरदस्त प्रदर्शन के बीच पुलिस के साथ नेताओं की धक्का-मुक्की भी हुई। पुलिस प्रदर्शनकारियों को बसों में भरकर ले गई। सबसे पहले सुबह करीब 11 बजे देहात जिलाध्यक्ष लालसिंह झाला को हिरासत में लिया गया। उसके बाद दूसरे नेताओं को हिरासत में लेकर कलक्ट्रेट से 2 किलोमीटर दूर यूआईटी सर्किल और आसपास के इलाकों में छोड़ दिया गया। इससे पहले कलक्ट्रेट के बाहर कांग्रेसियों को रोकने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग भी किया। कांग्रेस की कई महिला नेता भी सड़क पर लेट गईं। इन्हें पुलिस को उठाकर ले जाना पड़ा।
राजधानी जयपुर में प्रदेश कांग्रेस ने सांकेतिक राजभवन का घेराव किया। सिविल लाइंस फाटक के बाहर कांग्रेस नेताओं ने विरोध सभा की। यहां कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, मंत्री महेश जोशी प्रतापसिंह खाचरियावास सहित प्रमुख नेता मौजूद रहे। तेज बारिश के बीच सभा करते कांग्रेस नेताओं ने केंद्र की नीतियों के खिलाफ जोरदार नारेबाजी भी की।
अजमेर में कलेक्टर चेंबर के बाहर धरना दिया गया। कुछ देर चले धरने के बाद कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अपनी गिरफ्तारी भी दी। सिविल लाइंस थाना पुलिस ने सभी को थाने ले जाकर छोड़ दिया। श्रीगंगानगर में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध-प्रदर्शन किया। उन्होंने सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रदर्शन किया। इसके बाद गिरफ्तारी दी। दौसा जिला मुख्यालय पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष रामजीलाल ओढ के नेतृत्व में महंगाई के खिलाफ कलेक्ट्रेट के बाहर विरोध प्रदर्शन कर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की, इसके बाद गिरफ्तारी दी। इससे पहले जिला परिषद में जुटे कांग्रेस के पदाधिकारियों ने कृषि विपणन राज्य मंत्री मुरारीलाल मीणा, बांदीकुई विधायक जीआर खटाणा व जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट के लिए पैदल कूच किया।