जयपुर में कोचिंग जा रही दो लड़कियों पर शनिवार को तेजाब (एसिड) फेंका गया। बाइक सवार युवक ने दो किलोमीटर की दूरी पर दोनों छात्राओं पर अलग-अलग हमला किया। दोनों मामूली झुलसी हैं। इलाज के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई हैं। लड़कियों ने बताया कि वे हमलावर को नहीं पहचानतीं। घटना के बाद पुलिस सीसीटीवी खंगाल रही है। एक फुटेज में बाइक सवार भागता दिखा है।
पुलिस ने बताया कि सांगानेर सदर थाने इलाके में सवारिया रोड पर 19 साल की लड़की पैदल कोचिंग जा रही थी। बाइक सवार बदमाश पीछे से आया और उस पर एसिड फेंककर भाग गया। एसिड लड़की के बाएं कंधे पर गिरा, जिससे वह झुलस गई। बाइक सवार ने दूसरा अटैक सवारिया रोड से 2किमी दूर श्मशान के पास से लाइब्रेरी जा रही 22 साल की लड़की पर किया। छात्रा की पीठ पर एसिड गिरने से वह झुलस गई और चिल्लाने लगी। अब तक हुई पूछताछ में ये सामने आया कि दोनों ही लड़कियों की ऐसे किसी लड़के से पहचान नहीं है, जो उन पर हमला कर सकता है। दोनों लड़कियां वाटिका नगर में रहकर कॉम्पटीशन की तैयारी कर रही हैं। एसएचओ सांगानेर सदर ब्रजमोहन कविया का कहना है कि दो लड़कियों पर एसिड फेंका गया था। एसिड अटैक से दोनों मामूली झुलस गई थी। वाटिका के निजी हॉस्पिटल में इलाज करवाकर छुट्टी दे दी गई है। बाइक सवार ने हेलमेट नहीं लगा रखा था। दोनों लड़कियां भी उसे नहीं पहचानती। बाइक सवार की तलाश की जा रही है।
