राजस्थान में सियासी घमासान के बीच सचिन पायलट जयपुर से दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। जानकारी के अनुसार वह अब दशहरे के बाद ही जयपुर लौटेंगे। दिल्ली रवाना होने से पहले पायलट ने जयपुर में दो मंत्रियों -प्रताप सिंह खाचरियावास और राजेंद्र गुढ़ा समेत कई नेताओं से मुलाकात की।
खाचरियावास को अशोक गहलोत के खेमे का माना जाता है। ऐसे में पायलट की खाचरियावास से बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है। वहीं, मंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने सचिन पायलट की ओर से मोर्चा संभाल रखा है। उन्होंने आरोप लगाया है कि सचिन पायलट को सभी ने महाभारत के अभिमन्यु की तरह छल से घेर लिया है।
वैसे, देखा जाए तो राजस्थान में राजनीतिक तूफान अभी थमा हुआ है। पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा था कि 2 दिन में राजस्थान की स्थिति साफ हो जाएगी। वो समय बीत चुका है। वेणुगोपाल ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के लिए दक्षिण भारत चले गए हैं। इधर, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जिस तरह एक्टिव होकर सार्वजनिक कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे हैं, उससे ‘ऑल इज वेल’ का संदेश दिया जा रहा है। हालांकि जो दिखाई दे रहा है, अंदरखाने ऐसा सबकुछ लगता नहीं है।
