पाकिस्तान की ओर भारत की सीमा में घुसने की कोशिश कर रहे घुसपैठिए को सीसुब के जवानों ने ढेर कर दिया। घुसपैठिया जीरो लाइन से लगभग 250 मीटर तक भारतीय सीमा में आ गया था। सुरक्षाबलों के रोकने पर भी जब वह नहीं रुका तो जवानों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसमें वह मारा गया।
अंतरराष्ट्रीय सीमा पर घुसपैठ का यह प्रयास शुक्रवार रात को श्रीगंगानगर में अनूपगढ़ के पास शेरपुरा पोस्ट पर हुआ, जब सीसुब जवानों की टुकड़ी गश्त कर रही थी। सीसुब के डीआईजी अमित कुमार त्यागी ने बताया कि पेट्रोलिंग के दौरान पाकिस्तान की ओर से एक युवक जीरो लाइन को पार कर घने जंगल से होता हुआ भारत की सीमा में आता हुआ दिखाई दिया। जवानों ने उससे रुकने के लिए कहा। इसके बाद भी वह जीरो लाइन से लगभग 250 मीटर तक आगे आ गया था। वह आगे बढ़ता जा रहा था। इसके बाद गश्त कर रहे जवानों ने गोली चलानी शुरू कर दी। युवक के नहीं रुकने पर 8 राउंड फायरिंग कर उसे मार दिया गया।
एनकाउंटर की सूचना मिलने पर सीसुब के उच्च अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। डीआईजी ने बताया कि पाकिस्तानी युवक की तलाशी में फिलहाल उसके पास से कोई सामान नहीं मिला है। मृतक की उम्र लगभग 22 साल थी। इस तरीके से सीमा पार कर भारत में घुसने की कोशिश पर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। डीआईजी ने बताया कि अनूपगढ़ के पास स्थित भारत-पाकिस्तान के अंतरराष्ट्रीय सीमा पर घना जंगल है। पाकिस्तान अपने नापाक मंसूबों के लिए उसका फायदा उठाने की फिराक में रहता है।
डीएसपी जयदेव सियाग ने बताया कि सीसुब अधिकारियों से सूचना मिलने के बाद पुलिस शेरपुरा पोस्ट पर पहुंची थी। सीसुब अधिकारी अब पाकिस्तान के अधिकारियों से बात कर शव को वापस देने का प्रयास करेंगे। फिलहाल शव को अनूपगढ़ के हॉस्पिटल में रखवाया गया है।
