कतर में चल रहे फीफा वर्ल्ड कप 2022 में खिलाड़ियों को आगरा में बनी ट्रॉफियां दी जाएंगी। ट्रॉफी औऱ उसके बॉक्स आगरा के कारीगरों ने तैयार किए हैं।
आगरा के बडे़ बिजनेस मैन अदनान शेख की कंपनी एडजिरान ने फीफा वर्ल्ड के विजेता खिलाड़ियों को देने के लिए ट्रॉफी और बॉक्स यहीं पर बनाए हैं। कंपनी ने करीब 2 हजार ट्रॉफी तैयार की हैं।
कंपनी के डायरेक्टर ने कहा कि इससे पहले उन्होंने अबू धाबी की प्रसिद्ध मस्जिद के खंबों पर पच्चीकारी का काम किया है। ये मस्जिद दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी मस्जिद है। ट्रॉफियों के लिए कई देशों ने आवेदन किया था। अफ्रीका और यूरोप के देशों के प्रतिनिधियों ने आगरा की कंपनी को चुना। यह ऑफर डेढ साल पहले मिला था।
कंपनी के मालिक अदनान शेख ने बताया, ट्रॉफी का काम पूरा होने तक हमें फीफा के बारे में पता नहीं था। 3 महीने पहले जब हमें फीफा का लोगो लगाने के लिए दिया गया। तब पता चला कि हम जिस काम को कर रहे हैं वो फीफा वर्ल्ड कप के खिलाड़ियों के लिए है। इस काम को लेकर हमारा एक समझौता हुआ है, जिसमे शर्त थी कि ये डिजाइन किसी और के लिए हम नहीं बनाएंगे। इसका प्रचार भी हम नहीं कर सकते हैं।
