मशहूर पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मास्टरमाइंड सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ को कैलिफोर्नियां से हिरासत में लिया गया है। भारतीय सुरक्षा एजेंसियों के सूत्रों के हवाले से ये खबर सामने आई है। हालांकि गोल्डी की गिरफ्तारी पर अब तक आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। गत 29 मई को सिद्धू मूसेवाला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या के बाद गोल्डी बराड़ ने इसकी जिम्मेदारी ली थी।
पंजाब पुलिस गोल्डी बराड़ को लेकर विदेश मंत्रालय के संपर्क में है। दोनों की चर्चा के बाद ही तय होगा कि बराड़ को अमरीका से कैसे भारत लाया जाए।
पंजाब म्यूजिक इंडस्ट्री के जाने माने सिंगर सिद्धू मूसेवाला की 29 मई को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद विदेश में बैठे गोल्डी बराड़ ने इस हत्या की जिम्मेदारी ली थी। उसने लॉरेंस बिश्नोई के साथ मिलकर मूसेवाला की हत्या की पूरी योजना तैयार की थी। इसके बाद अपने शूटरों के जरिए इस घटना को अंजाम दिलाया। इस मामले में पुलिस ने अब तक 34 लोगों को आरोपी बनाया है।
गोल्डी बरार गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का करीबी माना जाता है। पिछले साल युवा कांग्रेस नेता गुरलाल सिंह पहलवान की हत्या की गई थी। इस मामले में पंजाब के फरीदकोट जिले की एक अदालत ने गोल्डी बरार के खिलाफ एक गैर-जमानती गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। रिपोर्ट के अनुसार 16 से अधिक आपराधिक मामलों में गोल्डी बरार की तलाश है। वह कुछ साल पहले देश छोड़कर कनाडा भाग गया था।
मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने केंद्र सरकार से मांग की कि उनके पुत्र की हत्या के आरोपी ‘गैंगस्टर’ गोल्डी बराड़ की गिरफ्तारी के लिए सूचना देने वाले को दो करोड़ रुपये का इनाम देने का ऐलान किया जाए। बलकौर सिंह ने कहा कि यदि सरकार इतनी बड़ी रकम नहीं दे सकती है, तो वह अपनी जेब से इनाम देने को तैयार हैं।
