राजस्थान में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा आज तीसरे दिन कोटा के लाडपुरा में शाम 6.30 बजे खत्म हुई। आज यात्रा का 23 किलोमीटर का सफर हुआ।
इस दौरान होर्डिंग-बैनर सहित अन्य प्रचार सामग्री लगाए जाने को लेकर कांग्रेस की गुटबाज़ी फिर सामने आ गई। कोटा मुख्यमंत्री अशोक गहलोत खेमे के मंत्री शांति धारीवाल का गृह नगर है। स्थानीय प्रशासन ने यात्रा मार्ग से पायलट की तस्वीर लगे पोस्ट-बैनर हटा दिए। पायलट खेमे के पार्टी कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि मंत्री धारीवाल के दबाव में स्थानीय प्रशासन ने यह कार्रवाई की है। इतना ही नहीं, आज की यात्रा समाप्त पर हुई नुक्कड़ सभा में पायलट जैसे ही भाषण देने पहुंचे कि लाइट चली गई, फिर माइक बंद हो गया। उन्हें कुछ देर इंतजार करना पड़ा।
इसबीच, पायलट ने एक निजी चैलन को दिए इंटरव्यू में कहा, मेरे बारे में जो बोला गया उसका मुझे दुख हुआ और बुरा भी लगा। फिर भी हमें अपनी दिशा से भटकना नहीं है। भारत जोड़ो यात्रा के राजस्थान में प्रवेश के बाद से पायलट राहुल गांधी के साथ लगातार बने हुए हैं।
आज की यात्रा में राजस्थान का प्रभारी बनने के बाद पहली बार सुखजिंदर सिंह रंधावा भी शामिल हुए। उनसे सचिन पायलट और अन्य नेताओं ने मुलाकात की। उन्होंने कहा कि राजस्थान में पार्टी के सामने जो भी चुनौतियां हैं, हम उसे स्वीकार करते हैं और हर हाल में चुनौतियों को पूरा करके दुबारा से सरकार बनाएंगे।
इससे पूर्व लंच ब्रेक के दौरान कांग्रेस संगठन महासचिव वेणुगोपाल ने अग्रिम संगठनों की बैठक में नेताओं को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने यात्रा में अलग-अलग झंडों को लेकर चल रहे कार्यकर्ताओं के प्रति नाराजगी जताई। वेणुगोपाल ने कहा कि सभी लोग केवल तिरंगा लेकर ही चलें।
आज की प्रेस कांफ्रेंस में जयराम रमेश ने बताया कि 10 दिसंबर को यात्रा में राहुल के साथ केवल महिलाएं चलेंगी। मध्य प्रदेश की तरह यहां भी एक दिन महिलाओं के लिए रिजर्व रखा गया है। इसकी शुरुआत 19 नवंबर को इंदिरा गांधी जयंती से हुई थी। वहीं, कल यात्रा आधे दिन की ही होगी। इसके बाद राहुल गांधी दिल्ली जा सकते हैं। रमेश ने बताया कि कल का सफर सुबह 11 बजे पूरा हो जाएगा। इस दौरान यात्री करीब 24 किलोमीटर चलेंगे।
आज यात्रा सीएम अशोक गहलोत को लगातार लेटर लिखकर नाराजगी जताने वाले कांग्रेस के सांगोद विधायक भरत सिंह के क्षेत्र से निकली। भरत सिंह की खान मंत्री प्रमोद जैन और यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल से नहीं बनती। भरत सिंह सीएम अशोक गहलोत को लगातार पत्र लिखकर मंत्रियों की शिकायत करने के अलावा कई मुद्दों पर नाराजगी जताते रहे हैं।
