केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने शुक्रवार को एजेंडा आजतक-2022 में देश की सड़कों पर बात की। उन्होंने यह दावा किया कि वह जिस तरह से देश में सड़कें बनवा रहे हैं, उससे 2024 साल के अंत तक भारत का सड़क ढांचा अमरीका के बराबर हो जाएगा।
गडकरी ने बताया कि वे दिल्ली के आस-पास करीब 60 हजार करोड़ की सड़क बनवा रहे हैं। देश में 26 ग्रीन हाईवे बनवा रहे हैं। उन्होंने कहा- मैं आपको दिल्ली से जयपुर, दिल्ली से हरिद्वार, दिल्ली से कटरा, दिल्ली से अमृतसर, दिल्ली से देहरादून दो घंटे में ले जाऊंगा। मैं आपको दिल्ली से मुंबई 12 घंटे में ले जाऊंगा। ये हाईवे मैं इस साल दिसंबर के अंत तक शुरू करने की कोशिश कर रहा हूं। उन्होंने दावा किया वह 2024 के अंत यूपी-बिहार समेत पूरे देश के रोड इंफ्रास्ट्रक्चर को अमरीका के बराबर ले आएंगे।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि चूंकि रोड अच्छे हो गए हैं, इसलिए रफ्तार की सीमा (स्पीड लिमिट) को लेकर भी कानून बदलेंगे। वे सभी राज्यों में परिवहन मंत्रियों के साथ दिल्ली में एक बैठक करने वाले हैं, जिसमें यह तय किया जाएगा कि एक्सिस कंट्रोल एक्सप्रेस, सिक्स लेन, फोर लेन के लिए वाहनों की अधिकतम रफ्तार कितनी होगी।
उन्होंने यह भी बताया कि केंद्र सरकार जो स्क्रैपिंग पॉलिसी लेकर आई है, उसके तहत 15 साल से ज्यादा पुराने वाहनों को स्क्रैप करने का आदेश निकाला जा चुका है। इससे एल्युमिनियम, स्टील, कॉपर, मेटल सस्ता हो जाएगा। 30 फीसदी तक कंपोनेंट की लागत भी कम हो जाएगी। इससे कार-ट्रक की क्वॉलिटी और बेहतर होगी। हमारा निर्यात बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि टायर से निकलने वाले रबर के पाउडर का इस्तेमाल रबराइज्ड बिटुमेन के रूप में सड़क बनाने में किया जा रहा है।
गहकरी ने कहा, हमारे देश की ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री 7.5 लाख करोड़ की है। इसे पांच साल के अंदर दुनिया की पहली ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री बनाना चाहता हूं। यही इंडस्ट्री राज्य और केंद्र सरकार को सबसे ज्यादा जीएसटी देती है। इस इंडस्ट्री ने ही 4 करोड़ लोगों को रोजगार दिया है और यही इंडस्ट्री सबसे ज्यादा निर्यात करती है।
