गुजरात औऱ हिमाचल प्रदेश में चुनाव परिणामों के बाद भारत जोड़ो यात्रा के बीच से ब्रेक लेकर राहुल गांधी समेत पूरा गांधी परिवार आज रणथंभौर नेशनल पार्क में है। परिवार यहां सोनिया गांधी का 76वां जन्मदिन मना रहा है। गांधी परिवार गुरुवार शाम को ही यहां पहुंच गया था।
गुरुवार शाम को सोनिया, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने रणथंभौर में टाइगर सफारी की। इस दौरान उन्होंने मलिक तालाब की पाल पर बाघिन का दीदार किए। इसी के साथ गूलर तलाई पर एक बाघ की अठखेलियों को भी देखा। उसके बाद गांधी परिवार जोगी महल पहुंचा। जब राजीव गांधी अपने परिवार के साथ रणथंभौर आए थे, तो जोगी महल में ही रुके थे।
सूत्रों के अनुसार शुक्रवार सुबह ठंड ज्यादा होने की वजह से गांधी परिवार ने टाइगर सफारी नहीं की। फिर शाम को परिवार सफारी के लिए निकला। बताया गया कि सोनिया गांधी ने अपने 76 वें जन्मदिन पर राहुल, प्रियंका और कुछ चुनिंदा लोगों के साथ होटल शेरबाग में छोटा सा आयोजन किया है। अब सोनिया गांधी शनिवार को भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हो सकती हैं। सूत्रों के अनुसार सोनिया गांधी, राहुल और प्रियंका के साथ बूंदी जिले के गुडला चंदनजी जाएंगी। शनिवार को यात्रा में सिर्फ महिलाएं चलेंगी।
बताते चलें कि कांग्रेस के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी सहित उनके परिवार की रणथम्भौर खासी पसंदीदा जगह रही है। तीन दशक से भी अधिक समय से इस परिवार के सदस्य यहां आते रहे हैं। यहां से परिवार की पुरानी यादें जुड़ी हुई है। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी प्रतिवर्ष परिवार तथा मित्रों के साथ रणथम्भौर भ्रमण पर आती हैं। इस बार सोनिया गांधी का जन्मदिन मनाने गांधी परिवार एकत्र हुआ है। 37 साल बाद ये मौका आया है, जब पूरा गांधी परिवार एक साथ रणथंभौर आया है।
