राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में आज रिजर्व बैंक के पूर्व गवर्नर एन रघुराम राजन शामिल हुए। राहुल गांधी ने राजन के साथ लंबी चर्चा की। टी ब्रेक तक लगातार दोनों बातचीत करते हुए चल रहे थे। देखा जाए तो भारत जोड़ो यात्रा में लगातार अलग-अलग क्षेत्रों के लोग जुड़ रहे हैं।
राहुल गांधी और रघुराम राजन के बीच आधे घंटे से ज्यादा समय बातचीत हुई। दोनों ने एक डॉक्यूमेंट्री के लिए आर्थिक मुद्दों पर अपनी राय रखी। रघुराम राजन को यूपीए के दूसरे कार्यकाल में रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया का गवर्नर बनाया गया था।
इधर, यात्रा के दौरान मीडिया से बातचीत में पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने भारत-चीन सीमा विवाद पर कहा, जब यह घटना घटी, उसके 5 दिन बाद सरकार का बयान आया है, लेकिन उसमें कुछ भी नया नहीं है। केंद्र सरकार को चाहिए इस मुद्दे पर विपक्ष को विश्वास में लेकर चर्चा करें।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की ओर से निकाली जा रही भारत जोड़ो यात्रा का आज राजस्थान में दसवां दिन रहा। यात्रा आज सुबह 6 बजे सवाई माधोपुर के भाडोति से शुरू हुई और सुबह 10 बजे बामनवास के बाढ़ श्यामपुरा टोंड में यात्रा का लंच ब्रेक हुआ, जिसके बाद यात्रा दोपहर 3:30 पर फिर शुरू होकर शाम 6:30 बजे दौसा जिले के लालसोट के बगड़ी गांव चौक में नुक्कड़ सभा के साथ संपन्न हुई। यहीं पर बिलोना कलां में यात्रा का रात्रि विश्राम है।
आज की यात्रा में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व सचिन पायलट सहित कई अन्य नेता राहुल गांधी के साथ चले। यात्रा के दौरान राहुल गांधी स्थानीय लोगों से भी मिले और उनसे उनके हालचाल जाने। साथ ही गहलोत सरकार के कामकाज को लेकर लोगों से फीडबैक लिया।
