देश की राजधानी दिल्ली के सुल्तानपुरी इलाके में एक युवती को कार से टक्कर मार कर कई किलोमीटर तक घसीटे जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। युवती की मौत के बाद परिजनों के साथ ही स्थानीय लोगों में आक्रोश है। सोमवार को मृतका के परिजनों और स्थानीय लोगों ने सुल्तानपुरी थाने के बाहर प्रदर्शन कर पुलिस-प्रशासन के खिलाफ अपनी नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों ने इस दौरान थाने के बाहर एक गाड़ी पर हमला कर तोड़फोड़ कर दी। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस घटना पर बेहद सख्त प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को फांसी की सजा मिलनी चाहिए। वहीं, प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से मांग कर दी कि आरोपियों को उन्हें सौंप दिया जाए, वे खुद न्याय कर देंगे।
इस घटना से दिल्ली का सियासी पारा भी हाई हो गया है। आप के कार्यकर्ता एलजी और पुलिस के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। परिजनों का कहना है कि पुलिस आरोपियों को बचा रही है। आम आदमी पार्टी ने भी प्रेस कॉफ्रेंस कर दिल्ली पुलिस और उपराज्यपाल पर गंभीर आरोप लगाए। आप विधायक सौरव भारद्वाज ने पीसी में कहा कि आरोपियों में से एक भाजपा नेता है, इसलिए पुलिस आरोपियों को बचाने की कोशिश कर रही है।
1 जनवरी 2023 को तड़के तेज रफ्तार कार ने एक स्कूटी में टक्कर मार दी थी। स्कूटी सवार युवती कार में फंस गई और उनको कई किलोमीटर तक घसीटता हुए ले जाया गया। बताया जाता है कि कार में कुल 5 लोग सवार थे और वे नशे में धुत थे। इस हादसे में युवती की मौत हो गई। उसका शव निर्वस्त्र अवस्थ में बरामद किया गया। इस घटना के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। सुल्तानपुरी थाने के बाहर प्रदर्शन कर रहे उत्तेजित लोगों के हमले से कार का शीशा टूट गया। बताया जा रहा है कि यह कार आम आदमी पार्टी की विधायक राखी बिड़लान की है।
उधर, दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना सुल्तानपुरी घटना पर करीब से नजर गड़ाए हुए हैं। वह दिल्ली के पुलिस कमिश्नर से पल-पल की जानकारी ले रहे हैं। उपराज्यपाल ने पुलिस कमिश्नर को आज सुबह राजनिवास बुलाया, जहां पर क़रीब डेढ़ घंटे तक बैठक हुई। इसबीच, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने घटना पर कहा कि ऐसे लोगों को फांसी होनी चाहिए। यह बेहद शर्मनाक घटना है. समझ में नहीं आता कि हमारा समाज किस तरफ जा रहा है। कुछ लड़कों ने एक लड़की को अपनी गाड़ी से कई किलोमीटर तक घसीटा। इसमें उसकी दर्दनाक मौत हो गई। मैं उम्मीद करता हूं कि चाहे आरोपी कितने भी रसूख वाले क्यों ना हो, उन्हें सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए।
