ढाई साल के लंबे इंतजार के बाद अब राजस्थान कांग्रेस ने संगठनात्मक नियुक्तियों का पिटारा खोला है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की मंजूरी के बाद प्रदेश कांग्रेस की ओर से 100 ब्लॉक अध्यक्षों की घोषणा कर दी गई है। हालांकि 300 ब्लॉक अध्यक्षों की घोषणा होना अभी बाकी है। राजस्थान के करीब 24 जिलों में 100 ब्लॉक अध्यक्ष घोषित किए गए हैं, जिनमें कई जिले ऐसे हैं जहां पर सभी ब्लॉक अध्यक्ष घोषित किए गए हैं। कई जिलों में एक या दो ही ब्लॉक अध्यक्ष घोषित किए गए हैं। जयपुर शहर के सिविल लाइंस और झोटवाड़ा के वैशाली ब्लॉक अध्यक्ष की भी घोषणा हो गई है।
प्रदेश कांग्रेस की ओर से जारी ब्लॉक अध्यक्षों की सूची से साफ है कि इन नियुक्तों में कांग्रेस विधायकों की जमकर चली है। विधायकों की सिफारिश पर ही ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं।
जुलाई 2020 में सचिन पायलट गुट की बगावत के बाद पार्टी आलाकमान ने प्रदेश में ब्लॉक, जिला और प्रदेश स्तर के संगठनों को भंग कर दिया था। कुछ समय बाद प्रदेश कार्यकारिणी और कुछ जिलाध्यक्षों की तो नियुक्ति हो गई थी, लेकिन ढाई साल से ब्लॉक अध्यक्ष के पद रिक्त चल रहे थे। प्रदेश में 1 साल के बाद होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर ही कांग्रेस में संगठनात्मक नियुक्तियों का दौर अब चला है।
