भारतीय समाज में जो समस्या खामोशी के साथ पैर पसारती जा रही है, उसपर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने सार्वजनिक रूप से चिंता व्यक्त कर दी। लड़कों के मुकाबले लड़कियों के ज्यादा पढ-लिख जाने से पैदा समस्या को उन्होंने आने वाले समय में न केवल गंभीर बताया, बल्कि शादी के लाले पड़ जाने का अंदेशा भी जताया।
राज्यपाल आनंदी बेन ने बलिया में जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय के चौथे दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए कहा, आज 80 फीसदी मेडल पर लड़कियां कब्जा कर रही हैं, जबकि लड़कों के हिस्से में 20 फीसदी मेडल ही आ रहे हैं। यही स्थिति रही तो पांच साल बाद सभी मेडल पर लड़कियों का कब्जा होगा। अगर आगे जाकर लड़कों के मुकाबले लड़कियां ज्यादा शिक्षित हो गई तो उनको अपनी योग्यता के आधार पर योग्य लड़का नहीं मिल पाएगा। यूनिवर्सिटी को इस बात की रिसर्च करनी चाहिए कि लड़कियों के मुकाबले लड़के क्यों पिछड़ रहे हैं? सभी विश्वविद्यालयों, कॉलेजों को अपने कार्यो व जिन चीजों पर ध्यान देने की आवश्यकता है उसे समझें।
आनंदी बेन ने कहा, आने वाले समय में सभी मेडल पर लड़कियों का कब्जा होगा। उन्हें देश की बेटियों पर गर्व होता है। जिस तरह से लड़कियों ने मेडलों पर कब्जा किया है, इससे लगता है कि लडकियां आगे निकल रही हैं।
