पंजाब में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा शनिवार सुबह यात्रा लुधियाना के लाडोवाल टोल प्लाजा से फगवाड़ा की तरफ जा रही थी। जालंधर से 76 साल के कांग्रेस सांसद चौधरी संतोख सिंह राहुल से कुछ दूरी पर चल रहे थे। इसी दौरान उन्हें हार्ट अटैक आया। इसके बाद उन्हें फौरन फगवाड़ा के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने कहा कि उनकी रास्ते में ही मौत हो चुकी है।
उनके साथ यात्रा में चल रहे साथियों ने बताया कि यात्रा में करीब 300 मीटर चलने के बाद सुबह 8.25 बजे उनको अटैक आया। वे रुक गए और वहीं बैठ गए। लोगों ने उन्हें उठाया। करीब 20 मिनट बाद रास्ते में ही 8.45 बजे निधन हो गया। सुबह चौधरी संतोख सिंह पूरी तरह से ठीक थे। खुद वह स्टेज पर नारे लगा रहे थे।
सांसद संतोख का कल सुबह 11 बजे उनके पैतृक गांव धालीवाल में अंतिम संस्कार किया जाएगा। उधर, राहुल ने भारत जोड़ो यात्रा रविवार तक रोक दी है। यात्रा अंतिम संस्कार के बाद फिर शुरू होगी।
फगवाड़ा के विर्क अस्पताल के डॉक्टर जसजीत सिंह विर्क ने बताया कि करीब आधे घंटे पहले चौधरी संतोख सिंह को हमारे पास लाए थे। वह कोलेप्स्ड स्टेज में थे। उनके साथ डॉक्टरों की टीम भी थी। रास्ते में भी उन्हें रिवाइव करने की कोशिश की गई। यहां लाने पर भी हमने कोशिश की लेकिन उन्हें बचा नहीं सके। अभी कोई पुख्ता कारण नहीं कहा जा सकता लेकिन यह सडन कार्डियक अरेस्ट हो सकता है। इसकी वजह ठंड भी हो सकती है। उन्हें पहले भी कोई प्रॉब्लम हो सकती है। एज फैक्टर भी इसमें अहम है।
