राजस्थान में सात दिन बाद एक बार फिर से सर्दी सितम ढा रही है। पारा अचानक 10 डिग्री तक गिर गया है। हालात ये है कि इस सर्दी में पहली बार रेगिस्तान के धाेरों पर भी बर्फ जम गई है। वहीं, प्रदेश के तीन शहरों में तापमान माइनस में पहुंच गया है।
हिल स्टेशन माउंट आबू के अलावा मैदानी इलाके फतेहपुर, चूरू में आज न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। इससे पहले पारा यहां माइनस में चला गया। बीकानेर में भी तापमान जमाव बिंदू के नजदीक पहुंच गया। चूरू के सरदारशहर के ग्रामीण इलाकों में कई जगह बीती रात बर्फ जम गई। रात में चली तेज सर्द हवाओं से पूरा प्रदेश ठिठुर गया।
इधर, बीकानेर में तापमान 1 डिग्री तक पहुंचने के कारण इस सीजन में पहली बार वहां बर्फ जम गई है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक अब 20 जनवरी तक लोगों को कड़ाके की सर्दी का सितम झेलना पड़ेगा।
सीकर के फतेहपुर में भी पारा 7.5 डिग्री सेल्सियस से लुढ़ककर -3.5 पर दर्ज हुआ। यहां खेतों में सिंचाई के लिए लगे पाइपों और खेतों की सुरक्षा के लिए लगे लोहे के जाल पर बर्फ जम गई। फतेहपुर, चूरू के अलावा बीकानेर और उसके ग्रामीण इलाकों में भी बफीर्ली हवाओं के कारण पारा जमाव बिंदु के नजदीक पहुंच गया। बीकानेर में आज न्यूनतम तापमान 1.1 पर दर्ज हुआ। रेगिस्तानी क्षेत्र जैसलमेर में सर्दी का सितम बढ़ता जा रहा है। यहां बीती रात न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो इस सर्दी का यहां का सबसे कम तापमान है।
हिल स्टेशन माउंट आबू में 7 दिन तक पारा प्लस में रहने के बाद आज शनिवार को तापमान में सबसे बड़ी गिरावट हुई है। तापमान में -7 डिग्री की बड़ी गिरावट के साथ शनिवार को पारा -4 डिग्री पहुंचा है। शहर में 7 दिनों तक सर्दी से लोगों को राहत दी, लेकिन शनिवार से माइनस 4 डिग्री पारा पहुंचने पर सवेरे सुबह चारों ओर बर्फ की चादर नजर आई। शेखावाटी में ठंड का असर इतना है कि यहां पाइप से निकलने वाला पानी तक जम गया।
मौसम विभाग ने 12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अधिकांश जिलों में उत्तर से आने वाली बफीर्ली हवाएं चलने से रात के साथ-साथ दिन में भी तेज सर्दी रहने का अनुमान है। इसमें अलवर, भरतपुर, दौसा, धौलपुर, झुंझुनूं, करौली, सीकर, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़, नागौर और श्रीगंगानगर जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा पाली, जोधपुर, टोंक, सवाई माधोपुर, कोटा, जयपुर, चित्तौड़गढ़, बूंदी, भीलवाड़ा और अजमेर के लिए येल्लो अलर्ट जारी किया है।
