राजस्थान के मौसम में उतार-चढ़ाव के बीच उन शहरों में तापमान गिरा वहां पारा आज फिर ऊपर चला गया। आज सबसे ठंडा शहर करौली रहा। करौली के अलावा चूरू, हनुमानगढ़, सिरोही, बारां, उदयपुर, चित्तौड़गढ़, अलवर, भीलवाड़ा में भी न्यूनतम तापमान एकल अंक में दर्ज हुआ।
मौसम केन्द्र जयपुर के अनुसार राज्य में अगले एक सप्ताह मौसम शुष्क बना रहेगा। कल से एक कमजोर पश्चिम विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे प्रभाव से पश्चिमी राजस्थान के जिलों में 30 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं (आंधी) चलने के साथ ही धूल-मिट्टी भी उड़ने की संभावना है।
पश्चिमी विक्षोभ के असर से राज्य के अधिकांश भागों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी। 12 फरवरी से एक बार पुनः उत्तरी हवाओं के प्रभाव से न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है।
पश्चिमी विक्षोभ का असर आज से गंगानगर, हनुमानगढ़ में देखने को मिला है। यहां आज सुबह से आसमान में हल्के बादल छाए हुए है। इन इलाकों में हल्की दक्षिण-पश्चिमी हवा चलनी शुरू हो गई।
राज्य में आज चूरू, गंगानगर, फतेहपुर, बाड़मेर, चित्तौड़गढ़, पिलानी, अजमेर, भीलवाड़ा समेत कई शहरों में पारा 1 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया। बाड़मेर में आज न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 16.4 पर दर्ज हुआ। फतेहपुर में कल तापमान 4.3 था, जो आज बढ़कर 9.8 पर पहुंच गया। जैसलमेर में भी आज न्यूनतम तापमान 14.6 पर दर्ज हुआ। वहीं डूंगरपुर रात का सबसे ज्यादा तापमान 17.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
