ट्विटर ने शुक्रवार को भारत में अपने 3 में से 2 ऑफिस बंद कर दिए हैं। ये दो ऑफिस दिल्ली और मुंबई के हैं। बेंगलुरु में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का ऑफिस चलता रहेगा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आज सुबह जब कर्मचारी ऑफिस पहुंचे तो उन्हें घर भेज दिया गया। इसके बाद ट्विटर की इंडियन टीम में केवल 3 कर्मचारी बचे हैं।
नवंबर में मस्क ने भारत में अपने 90 फीसदी (करीब 200) स्टाफ को निकाल दिया था। एलन मस्क ट्विटर की वित्तीय सेहत को सुधारने के लिए लगातार कॉस्ट कटिंग कर रहे हैं। कर्मचारियों की छंटनी के साथ वो दुनियाभर में अपने ऑफिस भी बंद कर रहे हैं।
रिपोर्ट के अनुसार ट्विटर की इंडिया टीम में जो 3 कर्मचारी बचे हैं, उनमें से एक कंट्री लीड है। अन्य दो में से एक के पास पूर्वोत्तर और एक के पास दक्षिण-पश्चिम रीजन की जिम्मेदारी है। ये सभी वर्क फ्रॉम होम पर रहेंगे। बेंगलुरु ऑफिस में वे कर्मचारी काम करेंगे जो सीधे अमरीका ऑफिस में रिपोर्ट करते हैं और इंडिया टीम का हिस्सा नहीं हैं।
मस्क 2023 के अंत तक ट्विटर को फाइनेंशियल रूप से मजबूत करना चाहते हैं। उन्होंने रेवेन्यू बढ़ाने के लिए ब्लू सब्सक्रिप्शन जैसी कुछ सर्विस को मॉडिफाई भी किया है। भारत में इस सर्विस का मंथली सब्सक्रिप्शन 650 रुपए है।
