देश के ज्यादातर हिस्सों में तापमान बढ़ रहा, जिस कारण गर्मी भी बढ़ रही है। ऐसे में मौसम विभाग ने हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के किसानों के लिए एडवाइजरी जारी की है।
मौसम विभाग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार उत्तर पश्चिम भारत के कई इलाकों में अगले तीन दिनों तक अधिकतम तापमान सामान्य से 5 से 7 डिग्री ज्यादा रहने वाला है। तापमान में बढ़त को देखते हुए विभाग ने पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के किसानों के लिए अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार दिन में ज्यादा तापमान गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचा सकता है। क्योकि गेहूं की फसल पकने को तैयार हो गई है।
मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि बढ़ते तापमान से फसल को बचाने के लिए हल्की सिंचाई करें। मिट्टी की नमी और तापमान बनाए रखने के लिए क्यारियों के बीच में गीली घास जैसी चीजें डालने की भी सलाह दी गई है।
