हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट आने के बाद अडानी ग्रुप को तीसरा बड़ा झटका लगा है। पहले यूपी में बिजली मीटर से जुड़ी डील गौतम अदाणी के हाथों से निकली। फिर डीबी पावर-पीटीसी इंडिया के साथ डील भी ठंडे बस्ते में चली गई। अब ओरियंट सीमेंट ने भी अडानी के साथ डील से हाथ पीछे खींच लिए हैं।
बताया जा रहा है कि सीके बिड़ला ग्रुप की कंपनी ओरियंट सीमेंट ने अदाणी पावर महाराष्ट्र के साथ डील समाप्त कर दी है। उसका कहना है कि अडानी ग्रुप इस डील के लिए जरूरी क्लीयरेंस हासिल करने में नाकाम रहा। दोनों कंपनियों के बीच इस डील के लिए सितंबर 2021 में वार्ता शुरू हुई थी। कंपनी ने शेयर मार्केट को बताया कि, अडानी पॉवर ने इस डील को आगे नहीं बढ़ाने का अनुरोध किया है।
गौतम अदाणी ने अपने ग्रुप के मार्केट कैप में 142 अरब डॉलर की गिरावट आने के बाद से अपनी रणनीति बदली है। अब उसने विस्तार की योजनाओं को ठंडे बस्ते में डालना शुरू किया गया है। उसका पूरा जोर नगदी बचाने और कर्ज कम करने पर है।
बता दें कि 24 जनवरी को जारी हुई हिंडनबर्ग की रिपोर्ट गौतम अदाणी को रोजाना कोई न कोई झटका दे रही है। जनवरी में दुनिया का दूसरे नम्बर का दौलतमंद आदमी आज अमीरों की सूची से लगातार बाहर हो रहा है। ब्लूमबर्ग के अनुसार अमीरों की सूची में 25वें नंबर से भी अडानी बाहर हो गए हैं। अब वो 29 नंबर पर आ गए हैं।
