केंद्र सरकार के बाद अब राजस्थान सरकार ने भी सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स का महंगाई भत्ता (डीए) चार फीसदी बढ़ा दिया है। इससे राज्य में भी डीए 38 से बढ़कर 42 फीसदी हो गया है। वित्त विभाग ने कर्मचारियों और पेंशनर्स का डीए बढ़ाने के आदेश जारी कर दिए हैं। प्रदेश के करीब आठ लाख कर्मचारियों और चार लाख पेंशनर्स को बढ़े हुए डीए का फायदा मिलेगा।
बढ़ा हुआ डीए 1 जनवरी से मिलेगा। जनवरी से मार्च तक के तीन महीने का डीए कर्मचारियों के जीपीएफ खातों में जमा होगा। अप्रैल से बढ़ा हुआ डीए वेतन के साथ मिलेगा। वर्कचार्ज कर्मचारियों को भी बढ़े हुए डीए का फायदा मिलेगा। हर छह महीने बाद कर्मचारियों और पेंशनर्स का डीए बढ़ाया जाता है। केंद्र सरकार के डीए बढ़ाते ही राजस्थान सरकार भी डीए बढ़ाती रही है।
सीएम गहलोत ने ट्वीट करते हुए बताया- डीए बढाने से राज्य सरकार सालाना करीब 1640 करोड़ रुपए वहन करेगी। इस निर्णय से लगभग 8 लाख कर्मचारियों एवं 4.40 लाख पेंशनर्स को लाभ मिलेगा। बढ़े हुए महंगाई भत्ते का लाभ पंचायत समिति तथा जिला परिषद के कर्मचारियों को भी देय होगा।
इससे पहले 30 अक्टूबर को भी 4 फीसदी महंगाई भत्ता बढ़ाने की घोषणा की गई थी। इसके तहत कर्मचारियों और पेंशनर्स को 1 जुलाई 2022 से 38 प्रतिशत महंगाई भत्ता दिया जाना था। उससे पहले 34 फीसदी डीए मिल रहा था। राजस्थान में पिछले बजट से ओल्ड पेंशन स्कीम लागू की गई थी।
देखो जाए तो कर्मचारियों से जुड़े मामलों पर राज्य सरकार तत्काल फैसले कर रही है। ओल्ड पेंशन स्कीम कई राज्यों में मुद्दा बन चुकी है। सीएम गहलोत कई बार इस बात का जिक्र कर चुके हैं कि कर्मचारियों से जुड़े मामलों में तुरंत फैसले किए जाएंगे।
