रामवनमी पर आज इंदौर तथा आंध्र प्रदेश के पश्चिमी गोदावरी जिले में बड़े हादसे हुए। बडोदरा में रामनवमी शोभायात्रा पर पथराव किया गया।
इंदौर के एक मंदिर में बावड़ी (कुएं) पर बनी छत धंस गई। इसमें करीब 20-25 लोग बावड़ी में गिर गए। पांच घंटे की मशक्कत के बाद 19 लोगों को तो जिंदा निकाल लिया, लेकिन 13 लोगों के शव बरामद हुए हैं। इनमें ज्यादातर महिलाएं शामिल हैं। इस अफरा-तफरी में तीन-चार बच्चे भी लापता हैं। घायलों को एमवाय और पास ही के एक अस्पताल पहुंचाया गया है। मृतकों का आंकड़ा और भी बढ़ सकता है।
इंदौर के सपना-संगीता टॉकीज के पास स्थित स्नेह नगर के पटेल नगर में यह हादसा गुरुवार को सुबह हुआ है। यहां के बेलेश्वर महादेव झूलेलाल मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु हवन-पूजन करने के लिए आए थे। तभी यहां बावड़ी पर बनी छत धंस गई।
उधर, आंध्र प्रदेश के पश्चिमी गोदावरी जिले के तनुकु मंडल के दुवा गांव में स्थित वेणुगोपाला स्वामी मंदिर में रामनवमी उत्सव के दौरान आग लग गई। बताया जा रहा है कि मंदिर में रामनवमी के उत्सव के लिए लगाए गए पंडाल में शॉर्ट सर्किट के चलते आग लग गई। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आग लगते ही श्रद्धालुओं को पंडाल से बाहर निकाल लिया गया। अभी तक इस हादसे में किसी व्यक्ति के हताहत होने की जानकारी नहीं है। आग की सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की कई गाडि़यां मौके पर पहुंचीं, जिन्होंने आग पर काबू पा लिया है। मंदिर के आसपास के रास्तों को एहतियातन बंद कर दिया गया है।
