राजस्थान के चूरू जिले में रतननगर थाना इलाके में एक युवक ने अपनी भाभी से मारपीट कर बलात्कार किया। बाद में देवर पीड़िता से मारपीट कर उसे बाथरूम में बंद करके भाग गया। पीडिता ने जब घटना की जानकारी अपने सास-ससुर को दी तो सास-ससुर ने बहू के साथ ही मारपीट की। बाद में पीड़िता ने महिला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसकी रिपोर्ट पर आरोपी देवर के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने पीड़िता का राजकीय भरतिया जिला अस्पताल में मेडिकल मुआयना भी करवाया।
थाने के मिली जानकारी के अनुसार, बीकानेर जिले के एक गांव की 38 वर्षीय महिला ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि उसकी शादी सरदारशहर तहसील के एक गांव में हुई है। बीते 26 मार्च को वह अपनी सास के साथ उसके पीहर गई थी। उसी दिन रात को वह बाथरूम में गई। वहां उसके मामा ससुर का लड़का जो रिश्ते में उसका देवर लगता है, उसके पीछे-पीछे बाथरूम में घुस गया।
बाथरूम में घुसते ही उसके देवर ने चाकू निकाल लिया और उसे धमकी दी कि शोर मचाया तो जान से मार देगा। इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म कर दिया। आरोपी रेप करने के बाद उसे बाथरूम में बंद करके भाग गया। जब उसने शोर मचाया तब उसकी सास ने बाथरूम का दरवाजा खोला। वह जब अपनी आपबीती सास और ससुर को बता रही थी तभी वहां आरोपी विक्रम भी वहां वापस आ गया।
तीनों ने उसे झूठा कहकर पीड़िता की जोरदार पिटाई कर दी। इससे उसके शरीर पर काफी चोटें आईं। पीड़िता की मां को जब इसका पता चला तो वह अपनी बेटी को लेने के लिए आई। आरोप है कि वहां उसके साथ भी मारपीट की गई। इसके बाद दोनों मां-बेटी रतननगर पुलिस थाने पहुंची।
पीड़िता का आरोप है कि वहां पुलिसकर्मियों ने रात के समय दो सफेद कागजों पर हस्ताक्षर और अंगूठा निशानी करवा कर कहा कि मुकदमा सुबह दर्ज करेंगे। लेकिन उन्होंने बाद में भी कोई कार्रवाई नहीं की। इस पर पीड़िता महिला थाने पहुंची और आरोपी देवर के खिलाफ केस दर्ज करवाया।
