राजस्थान के बाड़मेर जिले के आसाड़ी गांव में पुरानी रंजिश के चलते बुधवार को एक दलित युवक की पीट पीटकर हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद गिराब थाना पुलिस ने घायल युवक को गंभीर हालत में एम्बुलेंस की मदद से बाड़मेर के राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया. लेकिन वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। मृतक के परिजन और समाज के लोग एकत्रित होने शुरू हो गए हैं। दिनदहाड़े हुई हत्या की सूचना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया है।
पुलिस के अनुसार बाड़मेर जिले के गिराब थाना इलाके के आसाड़ी गांव का कोजाराम बुधवार को सुबह बकरियां चराने के लिए घर से निकला था। उसी समय कुछ लोगों ने उस पर हमला कर दिया। आरोपियों ने कोजाराम के साथ जमकर मारपीट की। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और कोजाराम को अस्पताल भिजवाया। वहां उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। परिजन आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर अड़ गए हैं।
दलित नेता उदाराम ने कहा कि कोजाराम ने पिछले पांच छह बरसों में आधा दर्जन से अधिक मामले पुलिस थाने में दर्ज करवा रखे थे। उन मामलों में आरोपियों के खिलाफ चालान भी हो गए थे। इसी रंजिश के चलते कुछ लोगों ने एक माह पहले उसे जान से मार देने की धमकी दी थी। कोजाराम बुधवार को जब बकरियां चराने के लिए अपनी छोटी बेटियों के साथ जा रहा था, तभी आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया।
बाड़मेर पुलिस अधीक्षक दिगंत आनंद ने कहा कि मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई। प्रथम दृष्टया सामने आया है कि हत्या के शिकार हुए कोजाराम और आरोपियों के बीच में विवाद चल रहा था। उन्होंने बताया कि आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है गई है। सूत्रों के अनुसार तीन आरोपियों को पुलिस ने पकड़ भी लिया है। अन्य की तलाश की जा रही है।
