साल 2022 में ‘दृश्यम 2’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्म देने के बाद अजय देवगन के फैंस को उम्मीद थी कि उनकी अगली फिल्म ’भोला’ भी सफलता के झंडे गाडे़गी। मगर ’भोला’ कमाई के मामले में उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी। लेकिन ’भोला’ भले ही भारत में अनुमान के अनुसार कमाई नहीं कर पाई हो, लेकिन वर्ल्ड वाइड कलेक्शन के मामले में फिल्म ने 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है।
आंकड़ो के अनुसार, ‘भोला’ ने 12 अप्रैल को दुनियाभर में लगभग 5 करोड़ 5 लाख का ग्रॉस कलेक्शन किया। इसके साथ ही फिल्म का दुनिया भर में टोटल कलेक्शन 103 करोड़ 5 लाख पहुंच गया है।
फिल्म की तगड़ी शुरूआत के लिए शुक्रवार को फिल्में रिलीज करने के चलन से हटते हुए अजय ने भोला को रामनवमी के मौके पर गुरुवार को रिलीज किया था। ‘भोला’ को रिलीज हुए दो हफ्ते हो चुके है। इस वीकेंड पर फिर लगातार तीन दिन की छुट्टी आ रही है। इस मौके को भुनाने के लिए फिल्म पूरी कोशिश कर रही है।
फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन 11 करोड़ 20 लाख के साथ खाता खोला था। इसके बाद दूसरे दिन फिल्म के कलेक्शन में गिरावट देखने को मिली थी, लेकिन ’भोला’ ने मामला संभालते हुए वीकेंड पर छलांग मारी और लगभग 44 करोड़ की कमाई कर ली।
दमदार एक्शन और भारी-भरकम वीएफएक्स वाली ‘भोला’ के कलेक्शन में दूसरे वीकेंड पर एक बार फिर गिरावट देखने को मिली। फिल्म ने 8 अप्रैल यानी शनिवार को 3 करोड़ 51 लाख का कलेक्शन किया, जबकि रविवार को महज 4 करोड़ 90 लाख कमाए। वहीं, सोमवार को फिल्म ने 2 करोड़ और मंगलवार को 1 करोड़ 15 लाख के करीब का कलेक्शन किया।
अब फिल्म के बुधवार की कमाई की बात करें तो भोला का डोमेस्टिक कलेक्शन निराशाजनक रहा। शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, फिल्म ने 14वें दिन देशभर में सिर्फ 55 लाख का नेट कलेक्शन किया। इसके साथ ही भोला का अब तक का इंडियन बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 76.98 करोड़ हो गया।
कुछ दिनों बाद ईद आ रही हैं। ईद पर सलमान खान की फिल्म ’किसी का भाई किसी की जान’ से मुकाबला ’भोला’ को मुकाबला करना पड़ेगा।
