बिहार के समस्तीपुर में एक दूल्हा कुरकुरे से सजी कार को लेकर अपनी बारात में पहुंचा। इस कार को देख लोग अचंभित रह गए। लोगों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वीडियो में देखा जा सकता है कि सफेद रंग की कार को कुरकुरे की लड़ों से सजाया गया है। इससे पहले हरियाणा में एक युवक ने अपनी कार को फसल की बालियों से सजाया था।
जानकारी के अनुसार समस्तीपुर जिले के सरायरंजन प्रखंड के अहमदपुर गांव निवासी राम शोभित राम के पुत्र राजेश राम की शादी थी। इस मौके पर लड़के की गाड़ी सजाने की बात आई। लड़का अपने दोस्तों के साथ बाजार में फूल वाले की दुकान पर पहुंच गया, लेकिन पैसा कम होने के कारण दोस्तों ने बच्चों को कुरकुरे खाते देख मजाक में कुरकुरे से गाड़ी सजाने की बात कही। युवक ने ऐसा ही किया। उसने फूल वाले दुकानदार से बात कर कुरकुरे से ही अपनी कार सजा डाली।
कुरकुरे से सजी कार का वीडियो वायरल होने के बाद दूल्हा राजेश ने बताया कि जब हम गाड़ी सजाने के लिए दुकान पर गए, तो हमारे साथ हमारे दोस्त भी थे। पैसे कम होने के कारण दोस्त मेरा मजाक उड़ाने लगे और बोले कुरकुरे से ही कार सजा लो। इसके बाद हमने दुकानदार से कुरकुरे से गाड़ी सजाने की बात कही। बताया जाता है कि कुरकुरे से गाड़ी सजाने में कारीगर को करीब आधा घंटे का समय लगा, जिसमें करीब 2500 खर्च हुए। दूल्हें राजेश ने बताया जाता है कि कुरकुरे से सजी कार देख शादी समारोह में शामिल लोग अचंभित रह गए। इसके बाद सभी वीडियो बनाने लगे।
