अयोध्या में रामजन्म भूमि के जलाभिषेक की तैयारी की जा रही है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 23 अप्रैल को 155 देशों की नदियों के जल से रामलला का जलाभिषेक करेंगे। इन सभी देशों का जल अयोध्या पहुंच चुका है। अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन पर 155 देशों के जल का भव्य स्वागत किया गया।
आरएसएस के प्रचारक इंद्रेश कुमार के नेतृत्व में जल के कलश अयोध्या पहुंचे हैं। अयोध्या रेलवे स्टेशन पर पहुंचते ही जय श्रीराम के नारे लगे और -लोगों ने नाचते-गाते अयोध्या में प्रवेश किया।
155 देशों से जल लाने का काम 3 साल पहले 2020 में शुरू किया गया था। अब जब दुनिया भर के देशों का जल इकट्ठा हो गया है तो रामजन्म भूमि का जलाभिषेक किया जाएगा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सीएम योगी आदित्यनाथ 23 अप्रैल को मनीराम दास छावनी सभागार में जल कलशों की पूजा करेंगे।
इस कार्यक्रम का आयोजन दिल्ली स्टडी ग्रुप ने किया है। हिंदू, मुस्लिम और ईसाई देशों के नदियों का जल अयोध्या लाया गया है। इसमें पाकिस्तान और अफगानिस्तान की नदियों का जल भी शामिल है। इसके अलावा रूस, फ्रांस, जर्मनी, जॉर्जिया, स्विट्जरलैंड, इटली, इराक, कनाडा आदि देशों से जल लाया गया है। जलाभिषेक कार्यक्रम में देश ही नहीं विदेशों के भी राजनयिक, धार्मिक और आध्यात्मिक गुरुओं के साथ गणमान्य व्यक्तियों को आमंत्रित किया गया है।
