राजस्थान के अलवर जिले के लक्ष्मणगढ़ में रविवार सुबह करीब 6:00 बजे सड़क किनारे युवक का शव मिला। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मृतक की पहचान लक्ष्मणगढ़ निवासी दिनेश कुमार शर्मा (40) उर्फ दिन्नू घड़ावली पुत्र श्रीराम के रूप में हुई। मृतक ऑटो पार्ट्स व्यापारी था। व्यापारी के मुंह व हाथ पर चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है। व्यापारी का शव मिलने की खबर फैलते ही लोग बाजार बंद कर घनास्थल पर पहुंचे।
गुस्साए लोग सड़क पर उतर आए। मृतक के परिजनों ने हत्यारों की गिरफ्तारी, पत्नी को नौकरी व आर्थिक मुआवजे की मांग की। मौके पर कई थानों की पुलिस व कस्बे और आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने सड़क पर जाम लग गया।
पुलिस ने सुबह 7 बजे से लगा जाम शाम 4 बजे खुलवाया। इसके बाद पुलिस ने मृतक का लक्ष्मणगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक दिनेश शर्मा के दो बच्चे हैं। दोनों स्कूल में पढ़ते हैं। प्रशासन और जनता के बीच बैठक में प्रशासन से मृतक की पत्नी को संविधा पर नौकरी और सरकार से आर्थिक मुआवजा दिलवाने का आश्वासन दिया। साथ ही किसी भी ग्रामीण के खिलाफ रोड जाम का मुकदमा दर्ज नहीं किया जाएगा।
