मुरैना जिले के लेपा हत्याकांड के मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी अजीत और भूपेंद्र उसैद घाट के बीहड़ों में भाग गए थे। पुलिस ने घेराबंदी की तो अजीत तोमर ने गोलियां चलानी शुरु कर दी। जवाब में पुलिस की गोली अजीत घायल हो गया। उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके साथ भूपेंद्र भी पकड़ा गया।
5 मई को हत्याकांड के बाद से ही मुरैना और भिंड जिले की पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई थी। मुखबिर से सूचना मिली कि अजीत तोमर और भूपेंद्र उसैद घाट के बीहड़ों में छुपे हैं। पुलिस जब वहां पहुंची तो अजीत ने गोली चलानी शुरु कर दी, जिसपर पुलिस की जवाबी फायरिंग में अजीत तोमर के घुटने में लगी गोली। उसे मुरैना में अस्पताल ले जाया गया है।
मुरैना के लेपा गांव में पुरानी रंजिश के चलते 5 मई को सरेआम गोली मारकर 6 लोगों की हत्या कर दी गयी थी। इनमें तीन महिलाएं भी थीं। जमीन के 10 साल पुराने झगड़े में यह खूनखराबा किया गया।
गांव में खून-खराबा करने वाले कुल 10 आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया गया था। हत्या करने के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे। इनमें से अब तक 6 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। दो आरोपी रज्जो और धीर सिंह को पुलिस ने उसी दिन गिरफ्तार कर लिया था। रविवार को पुष्पा नाम की महिला आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। मुख्य आरोपी अजीत तोमर और भूपेंद्र तोमर के अलावा एक अन्य आरोपी सोनू तोमर पर पुलिस ने 30 हजार रुपए का ईनाम घोषित कर दिया था। उसको राजस्थान के सीकर जिले से गिरफ्तार किया गया। 4 आरोपी अभी भी फरार हैं।
पुलिस के अनुसार उसैद घाट बीहड़ में आज सुबह 4 बजे एनकाउंटर हुआ। हत्याकांड के मुख्य आरोपी अजीत तोमर के पैर में गोली लगी। दूसरे आरोपी भूपेंद्र को सुरक्षित पकड़ा लिया गया।
