एअर इंडिया ने क्रू मेंबर्स के साथ बदतमीजी करने वाले एक पैसेंजर पर दो साल का बैन लगा दिया है। यह घटना 10 अप्रैल की है। जब AI-111 फ्लाइट ने दिल्ली से लंदन के हीथ्रो के लिए उड़ान भरी थी। टेकऑफ के बाद पैसेंजर ने बदतमीजी शुरू कर दी थी। विमान में स्टाफ ने उसे बार-बार चेतावनी दी पर पैसेंजर लगातार बुरा बर्ताव करता रहा। जिसमें 2 क्रू मेंबर्स को चोटें भी आईं थीं। इसके बाद सुबह 10.30 बजे फ्लाइट वापस दिल्ली लौट आई।
एयरलाइन ने यात्री के खिलाफ दिल्ली एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन पर शिकायत की। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी को अपनी कस्टडी में ले लिया था। दिल्ली पुलिस के अनुसार दोषी व्यक्ति का नाम जसकीरत सिंह (25 साल) है जो कपूरथला पंजाब का रहने वाला है। वह अपने पेरेंट्स के साथ लंदन जा रहा था।
घटना के सामने आने के बाद एअर इंडिया ने पूरे मामले की जांच-पड़ताल की और मैनेजमेंट ने पाया कि, दोषी व्यक्ति का बिहेवियर काफी खराब था। यह क्रू मेंबर्स के साथ पैसेंजर की सुरक्षा पर भी खतरा था। कमेटी ने निर्णय लिया है कि दोषी पर भारत में अगले दो साल तक उड़ान पर बैन लगाया जाता है।
जिस समय एअर इंडिया के विमान को दिल्ली वापस लाने का फैसला किया गया, तब वह पाकिस्तान के पेशावर के नजदीक उड़ान भर रहा था।
