मौसम केन्द्र जयपुर के मुताबिक राज्य में अब सभी शहरों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर आ गया है। टोंक, बाड़मेर, बीकानेर, चूरू, जैसलमेर, फलौदी, जालोर में पारा 45 डिग्री सेल्सियस को छू गया। पाकिस्तान से आ रही गर्म हवा के कारण राज्य में गर्मी तेज हो गई। सीकर में जो तापमान 39 डिग्री सेल्सियस था, वह तीन डिग्री सेल्सियस बढ़कर 42 पर आ गया। अलवर, पिलानी, चूरू, बीकानेर, सवाई माधोपुर में भी तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया।
राजधानी जयपुर में दोपहर में लू चलनी शुरु हो गई है। गर्म हवा के चलते दोपहर में सड़कें सूनी हो रही हैं। रात में भी कई शहरों में गर्म हवा चलनी शुरू हो गई। यहां रात का न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक रहने लगा है। जोधपुर के फलौदी में बीती रात न्यूनतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस से नीचे नहीं गया। यहां रात में भी गर्म हवा चली। बीकानेर, गंगानगर, चूरू समेत अन्य शहरों में रात का न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा।
