केंद्रीय लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा 2022 का परिणाम मंगलवार को घोषित कर दिया गया है। इशिता किशोर ने पहली रैंक हासिल की है। यही नहीं, शीर्ष 4 स्थान महिलाओं को ही हासिल हुए हैं। इशिता के बाद गरिमा लोहिया, उमा हरति एन. तथा स्मृति मिश्रा क्रमशः दूसरे, तीसरे और चौथे स्थान पर रही हैं।
शीर्ष 10 स्थानों में छह स्थानों पर महिलाओं को कामयाबी हासिल हुई है। पांचवें से 10वें स्थान पर कामयाब होने वालों के नाम मयूर हजारिका, गहना नव्या जेम्स, वसीम अहमद भट, अनिरुद्ध यादव, कनिका गोयल तथा राहुल श्रीवास्तव हैं।
यूपीएससी की मेन्स परीक्षा सितंबर, 2022 में हुई थी। इंटरव्यू 2023 में जनवरी से मई के बीच हुए थे। इस साल कुल 933 अभ्यर्थियों की नियुक्ति के लिए सिफारिश की गई है। इन्हीं सफल अभ्यर्थियों में से ही 180 आईएएस, 38 आईएफएस, 200 आईपीएस मिलेंगे। साथ ही केंद्रीय सेवाओं तथा ग्रुप ए–बी में नियुक्तियां की जाएंगी।
