जयपुर में आज ग्रेटर निगम की साधारण सभा की बैठक में भारी हंगामा हो गया। सभा के दौरान पार्षदों के बीच हाथापाई और धक्का—मुक्की हो गई। इस दौरान एक महिला पार्षद रो पड़ी।
जानकारी के अनुसार जयपुर के विकास के संबंध में प्रस्ताव पारित हो रहे थे। इस दौरान पार्षद स्वाति परनामी ने आपत्ति दर्ज कराई कि हमारे वार्ड की बात नहीं की जाएगी तो हम जयपुर शहर की बात क्यों करें। इस पर पार्षद विकास बारेठ ने कहा कि हम यहां पूरे शहर के विकास की बात कर रहे हैं। परनामी ने आपत्ति दर्ज करवाई तो दोनों में कहासुनी और तू-तू मैं-मैं हो गई। दस मिनट तक दोनों के बीच बहस होती रही। अन्य पार्षदों ने बीच बचाव किया तो हंगामा हो गया। वहीं कांग्रेसी पार्षद भी खड़े होकर विकास बारेठ पर कार्रवाई की मांग करने लगे। हंगामे के बीच कांग्रेसी पार्षद वेल में आ गए। स्वाति परनामी वेल में आकर धरने पर बैठ गई। पार्षद जयश्री गर्ग ने भी स्वाति परनामी का समर्थन किया।
वेल में आए कांग्रेस और भाजपा के पार्षदों के बीच नोक—झोक हो गई। तनातनी के बीच पार्षदों में हाथापाई हो गई। महापौर ने सदन की कार्रवाई पन्द्रह मिनट के लिए स्थगित कर दी। सदन स्थगन के दौरान भी पार्षद परनामी वेल में ही बैठी रही। वहीं भाजपा के पार्षद विकास बारेठ से समझाइश में लगे रहे।
जयपुर ग्रेटर नगर निगम की साधारण सभा की बैठक आज सुबह शुरू हुई थी। महापौर सौम्या गुर्जर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सबसे पहले देश और राज्य के दिवंगत गणमान्य लोगों को श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद सदन की कार्रवाई 15 मिनट के लिए स्थगित कर दी गई। बाद में शुरू हुई कार्रवाई में 18 प्रस्तावों में से 7 प्रस्ताव पारित कर दिए गए।
