ई-कॉमर्स कंपनी इंडिया मार्ट के कर्मचारियों को अब सैलरी के लिए महीने के आखिरी दिन का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। कंपनी ने अपने कर्मचारियों को हर हफ्ते सैलरी देने वाली नई पे-पॉलिसी का ऐलान किया है। कंपनी ने अपने फेसबुक पेज पर इस बात की जानकारी दी है। कंपनी के अनुसार इससे कर्मचारियों के वित्तीय बोझ को कम करने में मदद मिलेगी और बेहतर काम करने की प्रेरणा मिलेगी।
इंडिया मार्ट ने फेसबुक पोस्ट में लिखा है, फ्लेक्सिबल वर्क कल्चर तैयार करने और हमारे कर्मचारियों की फाइनेंशियल वेलनेस को सुनिश्चित करने के लिए इंडिया मार्ट वीकली सैलरी के भुगतान की पॉलिसी अपनाने वाला भारत का पहला संगठन बन गया है। कंपनी का कहना है कि वीकली सैलरी मिलने से कर्मचारियों को अपनी वित्तीय जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी। कंपनी ने इस पोस्ट के साथ एक फोटो भी पोस्ट की है। इस फोटो में कहा गया है, आपकी वित्तीय सेहत सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया एक कदम।
वीकली सैलरी पेमेंट को कर्मचारियों की वेलनेस को बढ़ावा देने वाला कदम बताया जाता है। इसे घंटों के हिसाब से काम करने वालों के लिए बेस्ट ऑप्शन माना जाता है। न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया, हॉन्गकांग और अमरीका में यह पहले से चलन में है। भारत में अब तक की सामान्य व्यवस्था में कर्मचारियों को महीने के आखिर में सैलरी मिलती है।
इंडिया मार्ट भारत के सबसे बड़े बी2बी मार्केटप्लेस में से एक है। यह बायर्स को सेलर्स से जोड़ने वाले एक प्लेटफॉर्म के तौर पर काम करता है। इस कंपनी की नींव 1999 में पड़ी थी और इस कंपनी का मिशन बिजनेस करना आसान बनाना है।
