
रिश्वत मामले में अलवर के पूर्व कलेक्टर नन्नूमल पहाड़िया के साथ गिरफ्तार हुए आरएएस अशोक कुमार सांखला को राशिफल देखने की आदत थी। दलाल नितिन शर्मा रोजाना अशोक सांखला को मोबाइल पर राशि फल भेजता था। जिस दिन एसीबी की कार्रवाई में कलेक्टर के साथ सांखला पकड़ा गया, उस दिन उसकी राशिफल में लिखा था- पैसे का लेन देन भारी पड़ सकता है।
आईएएस नन्नूमल पहाड़िया व आरएएस अशोक कुमार सांखला 5 लाख रुपए की रिश्वत के मामले में 7 मई तक जेल भेज दिए गए हैं। रविवार को जज के सामने पेश होने के बाद सांखला ने बड़ी प्रॉपर्टी के कागजात मिलने के सवाल पर कहा- दो फ्लैट तो उसे शादी में मिले थे। एक प्लॉट खरीदा हुआ है। महंगी शराब को लेकर उसने कहा- 16 हजार रुपए से 60 हजार रुपए की शराब की बोतलें मिलने की जानकारी नहीं है। उनके घर से आरएक्स 21 सहित कई महंगे ब्रांड की शराब मिली थी। दोनों के आवास से करीब 35 शराब की बोतलें मिलीं।
पूर्व कलेक्टर नन्नूमल व आरएएस सांखला ने अवैध खनन में बड़ा खेल किया है। अवैध खनन रोकने वाली समिति का अध्यक्ष ही सांखला को बनाया हुआ था। कई एसडीएम ने इतना तक कहा- कलेक्टर क्रशर प्लांट, लीज को रोकने की धमकी देते थे। सांखला के जरिए सब काम करते थे। इसकी जांच गहनता से होगी तो मोटी वसूली का खेल पकड़ में आ सकेगा।
एसीबीके अनुसार आरएएस सांखला रिश्वत के मामले में बिचौलिये का काम करता था। लिहाजा रिश्वत का एक हिस्सा उसे मिलता था। हाईवे निर्माण वाली फर्म से मिले 5 लाख में से उसका हिस्सा 1 लाख रुपए था।