
पूरे विधि विधान के साथ आज गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। इसके साथ ही चार धाम यात्रा की शुरुआत हो गई। गंगोत्री धाम में सीएम पुष्कर सिंह धामी भी पहुंचे और पूजा में शामिल हुए। कपाट खुलने के बाद सीएम धामी ने सबसे पहले पीएम नरेंद्र मोदी के नाम की पूजा की। उन्होंने कहा कि यात्रा को लेकर कोई संख्या निर्धारित नहीं की गई है। अगर यात्री अधिक संख्या में आते हैं तो बाद में कोई निर्णय लिया जाएगा। हालांकि, पिछले दिनों शासन की ओर से यात्रियों की संख्या निर्धारण के आदेश जारी किए गए थे।
इससे पहले तमाम तैयारियों के बीच मां गंगा के शीतकालीन प्रवास भैरो घाटी स्थित मुखबा गांव से मंगलवार सुबह 8.20 बजे मां गंगा की उत्सव डोली विधि विधान के साथ गंगोत्री धाम पहुंची। इस दौरान हर हर गंगे, जय मां गंगे के जयकारों से पूरा माहौल भक्तिमय हो उठा।गंगोत्री धाम में सेना के बैंड की धुन पर पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ सैकड़ों की संख्या में भक्तों की मौजूदगी में मां गंगा की उत्सव डोली पहुंचने पर श्रद्धालु भावुक हो गए।मौसम ने भी श्रद्धालुओं का पूरा साथ दिया। धूप खिली रही, जिससे ठंड का अहसास कम हो गया है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भागीरथी नदी में स्नान किया और धाम में पूजा की। आज ही दोपहर 12.15 बजे यमुनोत्री धाम के कपाट भी खुल गए। मां यमुना के मायके खरसाली से उनकी उत्सव डोली यमुनोत्री धाम पहुंची। यमुनोत्री धाम में भी पहली पूजा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम की हुई। स्थानीय पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ मां की डोली को उनके भाई शनिदेव समेश्वर देवता की डोली भी विदा करने निकली। भाई शनिदेव और मायकेवासियों ने मां यमुना को विदा किया।अब केदारनाथ धाम के कपाट 6 मई को और बद्रीनाथ धाम के कपाट 8 मई को खुलेंगे।