राजस्थान में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा दूसरे दिन कोटा के हिरिया खेड़ी में पूरी हुई। शाम करीब छह बजे 22.5 किलोमीटर का सफर पूरा हो चुका था। यहां से आगे राहुल गांधी गाड़ियों से दरा के मोरू कला के लिए निकल गए। कोटा शहर से करीब 42 किमी दूर मोरू कला में नाइट स्टे करेंगे। आज राहुल गांधी की कोई नुक्कड़ सभा नहीं हुई।
यात्रा के दौरान कनवास चौराहे पर राहुल को ज्ञापन देने जा रहे भाजपा कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इससे एक दर्जन कार्यकर्ताओं के घायल होने की सूचना है।
दूसरे चरण की यात्रा झालावाड़ जिले के देवरी घाटा से शुरू होकर कोटा जिले में प्रवेश कर गई। मंगलवार को यात्रा का दूसरा चरण दोपहर 3.30 बजे से शुरू हुआ था। यात्रा में अचानक सूअर घुस आया। सुरक्षाकर्मियों ने उसे फौरन भगाया। शाम करीब पांच बजे कोटा के हाइवे हिरिया खेड़ी से 3 किमी पहले जय माता दी ढाबे पर राहुल का काफिला टी ब्रेक के लिए रुका। करीब सवा पांच बजे यात्रा फिर शुरू हुई थी। शाम करीब पौने छह बजे तक 20 किमी की यात्रा पूरी हो चुकी थी। झालावाड़ के खेल संकुल से आज सुबह करीब छह बजे शुरू हुई यात्रा ने दस किलोमीटर का सफर पूरा कर लंच ब्रेक लिया था।
